Instagram पर ‘ऑनलाइन तांत्रिक’ बनकर 50 से ज्यादा लोगों से ठगी… आरोपी गिरफ्तार

Delhi Cyber Crime: दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने इंस्टाग्राम पर खुद को ‘ऑनलाइन तांत्रिक’ बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के झुंझुनूं का रहने वाला है और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को भूत-प्रेत हटाने और व्यक्तिगत समस्याओं को दूर करने का झांसा देकर ठगी करता था।

क्या है पूरा मामला?
यह मामला तब उजागर हुआ जब चाणक्यपुरी की एक महिला ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि इंस्टाग्राम पर ‘@AGHORI_JI_RAJASTHAN’ नामक पेज ने महिला को विश्वास दिलाया कि उसके घर में भूत-प्रेत का साया है। इसके ठीक होने के लिए विशेष पूजा की आवश्यकता बताकर आरोपी ने महिला से 1 लाख 14 हजार रुपये वसूल लिए। इसके बाद आरोपी ने महिला से संपर्क बंद कर दिया।

कैसे हुई गिरफ्तारी?
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट, मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजैक्शन की डिटेल्स निकालीं। पता चला कि ठगे गए पैसे आरोपी राहुल (20) के खाते में भेजे गए थे। आरोपी की लोकेशन राजस्थान के झुंझुनूं में ट्रेस की गई और पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

50 से ज्यादा लोगों से की ठगी
पूछताछ में पता चला कि आरोपी राहुल ने अब तक 50 से ज्यादा लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी की है। उसने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट और वेबसाइट बनाकर लोगों की भावनाओं और डर का फायदा उठाया। वह अपने ‘तांत्रिक’ बाबा वाले रील्स को प्रमोट करने के लिए पेड ऐड भी चलाता था।

यह भी पढ़ें…

दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा… बुजुर्गों को लूटने वाला ‘लिफाफा गिरोह’ गिरफ्तार

जब्त सामग्री और जांच
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड, 3 डेबिट कार्ड और 3 चेक बुक जब्त किए हैं। अब पुलिस उन पीड़ितों की पहचान करने में लगी है, जिनसे आरोपी ने ठगी की है। इसके लिए आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल, बैंक अकाउंट और वेबसाइट की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें…

मालिक के लाखों का कैश लेकर कर्मचारी फरार… Delhi Police ने 72 घंटे में की बरामदगी

DCP का बयान
नई दिल्ली के डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कई आईडी बनाईं और राजस्थान के प्रसिद्ध अघोरी के नाम का फायदा उठाया। समस्याओं से जूझ रहे परिवारों को फंसाने के लिए उसने वीडियो एडिट करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी इस्तेमाल किया।


यह गिरफ्तारी एक चेतावनी के रूप में देखी जा रही है कि सोशल मीडिया पर अघोरी, तांत्रिक या आध्यात्मिक हीलर के नाम पर लोगों को धोखा देना गंभीर अपराध है। पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने और किसी भी ऑनलाइन लेन-देन से पहले जांच करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें…

Arvind Kejriwal को नया सरकारी बंगला अलॉट, HC ने दिया निर्देश

Back to top button