‘बाबा किस्मतवाले’ चला रहा था साइबर ठगों का नेटवर्क, दिल्ली पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Cyber Crime: दिल्ली में एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो फर्जी Whatsapp संदेशों के जरिए लोगों से पैसे ठगने का काम कर रहा था। दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने इस गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।

मुख्य आरोपी की पहचान निवास कुमार मंडल, निवासी नारायणपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है, जिसने ‘बाबा किस्मतवाले’ नाम का टेलीग्राम चैनल बनाकर देशभर में साइबर अपराधियों को नागरिकों का निजी और बैंकिंग डेटा बेचने का नेटवर्क तैयार कर रखा था।

B.Tech पास निकला मास्टरमाइंड
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी निवास कुमार मंडल बीटेक डिग्रीधारी है और लंबे समय से साइबर अपराधों में शामिल था। वह पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे कई राज्यों में सक्रिय साइबर गिरोहों को डेटा सप्लाई करता था। उसके टेलीग्राम चैनल “बाबा किस्मतवाले” के ज़रिए अपराधियों को हैक किए गए व्हाट्सएप अकाउंट्स और बैंकिंग डेटा उपलब्ध कराया जाता था।

Fake Whatsapp संदेश से 2 लाख की ठगी
मामला तब सामने आया जब दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े एक फर्जी व्हाट्सएप संदेश के जरिए एक व्यक्ति से 2 लाख रुपए की ठगी की गई। अपराधियों ने पीड़ित को एक एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने के लिए भेजी, जिसके ज़रिए उसका बैंकिंग डेटा चोरी कर लिया गया। बाद में अपराधियों ने उस डेटा का इस्तेमाल कर हिंदुस्तान पेट्रोलियम के ड्राइवट्रैक प्लस कार्ड से 2 लाख रुपए निकाल लिए।

जामताड़ा कनेक्शन से खुला जाल
साइबर पुलिस स्टेशन, पश्चिम जिले ने शिकायत के बाद जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण में पता चला कि अपराधियों ने झारखंड के जामताड़ा क्षेत्र से हैक किए गए व्हाट्सएप अकाउंट का उपयोग किया था। पुलिस ने तुरंत झारखंड और पश्चिम बंगाल में संचालित टीमों के साथ छापेमारी की, जहां से मुख्य आरोपी निवास कुमार मंडल और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया।

भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन, ₹47,800 नकद, कई एटीएम कार्ड, एक मैकबुक और एक आईपैड जब्त किए हैं। आरोपियों के मोबाइल से कई ऐसे चैट रिकॉर्ड और डेटा फाइलें मिली हैं जिनसे पता चलता है कि वे देशभर में नागरिकों का डेटा बेचकर ठगी करवाते थे।

यह भी पढ़ें…

दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर एयर इंडिया की बस में लगी आग, टला बड़ा हादसा

गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी
दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक और सदस्य अब भी फरार है, जो पीड़ितों को विश्वास में लेकर फर्जी ऐप इंस्टॉल करवाने का काम करता था। पुलिस ने बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) के अनुसार —

“गिरोह के नेटवर्क का विस्तार देश के कई राज्यों तक फैला है। पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया है और कितनी रकम ठगी गई है।”

यह भी पढ़ें…

प्रदुषण को लेकर दिल्ली सरकार सख्त… 1 नवंबर से इन वाहनों की एंट्री बैन

साइबर सुरक्षा को लेकर चेतावनी
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक या एपीके फाइल डाउनलोड न करें और सरकारी संस्थाओं से संबंधित किसी भी संदेश की सत्यता की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से करें।

यह भी पढ़ें…

स्वाति मालीवाल ने सीएम भगवंत मान पर लगाए गंभीर आरोप, केजरीवाल से निष्पक्ष जांच की मांग

Back to top button