जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, लश्कर के शीर्ष कमांडर सहित दो आतंकी ढेर

मारा गया लश्कर कमांडर नदीम अबरार

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने कई हमलों में शामिल रहे लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर नदीम अबरार को मार गिराया है।

आईजीपी विजय कुमार ने बताया कि सुरक्षाबलों ने श्रीनगर के मलूरा परिंपुरा इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान पाकिस्तानी आतंकी अबरार को मार गिराया।

सोमवार को सुरक्षा बलों को इनपुट मिला था कि आतंकवादी हाईवे पर हमला करने वाले हैं जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने नाकेबंदी की।

इसी दौरान परिंपुरा नाके पर एक गाड़ी को रोका गया और तभी पीछे की सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना बैग खोलने की कोशिश की और ग्रेनेड निकाल लिया।

जिसके बाद नाका पार्टी हरकत में आई और पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति को पकड़ लिया। ड्राइवर और पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति दोनों को पुलिस स्टेशन ले जाया गया,

जहां उसका मुखौटा उतारने के बाद, यह पता चला कि एक आतंकवादी अबरार था, जो लश्कर का एक शीर्ष कमांडर था।

आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने कहा लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर अबरार ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि उसने अपनी एके-47 राइफल एक घर में रखी थी।

जब पार्टी हथियार बरामद करने के लिए घर में घुस रही थी, तो घर के अंदर छिपे उसके एक सहयोगी ने गोली चला दी।

उसके बाद जिस घर में आतंकी छिपे थे, सुरक्षाबलों ने उस घर को उड़ा दिया है। आतंकियों के पास से दो एके-47 राइफल बरामद किए गए हैं। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर अबरार पाकिस्तान का रहने वाला था, उसके पास से हथियार और गोला-बारूद सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, अबरार इस साल लावायपोरा में CRPF के तीन कर्मियों की हत्या में शामिल था।

Leave a Reply

Back to top button