UP: निलंबित PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री कड़ी सुरक्षा में बरेली से बाहर, समर्थकों ने किया हंगामा

Bareilly News: निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री को बुधवार दोपहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बरेली से बाहर भेज दिया गया। दोपहर 2:18 बजे उन्हें निजी वाहन से रवाना किया गया।

इस दौरान उनके समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। समर्थकों ने वाहन रोकने का प्रयास किया और पुलिस से धक्कामुक्की हो गई, जिसमें एक इंस्पेक्टर गिरकर घायल हो गए।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए समर्थकों को वाहन के सामने से हटाया और अलंकार अग्निहोत्री को सुरक्षित रूप से बरेली से बाहर भेज दिया। इसके बाद समर्थकों ने रामपुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

समर्थकों ने किया विरोध, पुलिस से हुई धक्कामुक्की

अलंकार के रवाना होने के दौरान समर्थकों ने उन्हें बरेली से बाहर न भेजने की मांग की। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। प्रशासन ने अतिरिक्त फोर्स बुलाकर स्थिति को संभाला।

हाउस अरेस्ट का लगाया था आरोप

इससे पहले बुधवार सुबह अलंकार अग्निहोत्री अपने सरकारी आवास के गेट पर पहुंचे और मीडिया से बातचीत में खुद को हाउस अरेस्ट बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने उन्हें आवास से बाहर निकलने से रोका है और आवास पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को निजता का हनन बताया।

उनके आवास परिसर में सुबह से ही एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, सीओ पंकज श्रीवास्तव और प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव मौजूद रहे। आवास के चारों ओर पुलिस बल तैनात रहा।

एडीएम सिटी ने आरोपों को बताया निराधार

अलंकार अग्निहोत्री के आरोपों पर एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कहा कि उन्हें हाउस अरेस्ट नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि अलंकार अभी सरकारी सेवा में हैं और लोकसेवक होने के नाते सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उनके आवास पर आवश्यक व्यवस्था की गई है। कॉलोनी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित की गई है।

शामली कलेक्टर ऑफिस से किया गया अटैच

2019 बैच के पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने गणतंत्र दिवस पर कलक्ट्रेट में ध्वजारोहण के बाद अपने इस्तीफे की बात सार्वजनिक की थी। इसके बाद वे यूजीसी के नए नियमों और शंकराचार्य से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर मुखर रहे। प्रशासन ने उन्हें शामली के कलेक्टर कार्यालय से अटैच किया है।

व्हाट्सएप स्टेटस से बढ़ा विवाद

मंगलवार रात अलंकार अग्निहोत्री ने व्हाट्सएप स्टेटस में खुद को एडीएम कंपाउंड में हाउस अरेस्ट बताया था। उन्होंने लिखा था कि उनसे संपर्क न हो पाने की स्थिति में हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल की जाए और प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय व वरिष्ठ वकीलों को सूचना दी जाए। इसके बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।

Back to top button