संसद में फिर टकराव, US ट्रेड डील पर विपक्ष का शोर, लोकसभा की कार्यवाही ठप…

Parliament Budget Session: संसद के बजट सत्र का मंगलवार को चौथा दिन है. संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी है.

बजट सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा में तब बड़ा हंगामा हुआ जब राहुल गांधी ने कथित तौर पर पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के अप्रकाशित संस्मरणों के अंश पढ़े, जिस पर सत्ता पक्ष की ओर से आपत्ति जताई गई. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्रोत की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए. सदन में चर्चा के लिए 18 घंटे का समय दिया गया है.

बजट सत्र 2 अप्रैल को समाप्त होगा. दोनों सदन 13 फरवरी को अवकाश के लिए स्थगित हो जाएंगे और 9 मार्च को फिर से शुरू होंगे ताकि स्थायी समितियां विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की अनुदान मांगों की जांच कर सकें.

राज्यसभा की कार्यवाही बढ़ी 

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए राज्यसभा की कार्यवाही आज रात 8:00 बजे तक बढ़ा दी गई है.

लोकसभा की कार्यवाही शुरू

लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे फिर से शुरू हो गई है. विपक्षी सांसदों के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित कर दी गई थी.

हंगामे के बाद सदन स्थगित

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सरकार पर निशाना साधने का प्रयास कर रहे कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने मंगलवार को लोकसभा में हंगामा किया जिसके कारण सदन की बैठक शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई. बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व सांसद सुरुपसिंह हिरिया नाइक के निधन की सूचना दी और सदस्यों ने कुछ पल मौन रखकर दिवंगत पूर्व सदस्य को श्रद्धांजलि दी.

इसके बाद अध्यक्ष ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराया, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सांसद नारेबाजी करते हुए आसन के समीप आ गए. वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे. शोर-शराबे के बीच ही गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक सदस्य के पूरक प्रश्न का उत्तर दिया.

बिरला ने विपक्षी सदस्यों से कार्यवाही चलने देने की अपील करते हुए कहा, “प्रश्नकाल में नियोजित तरीके से आसन के पास आकर नारेबाजी करने का कोई औचित्य है क्या? यह सदस्यों का समय होता है। इसमें सांसद प्रश्न उठाते हैं, सरकार की जवाबदेही तय होती है.” उन्होंने कहा कि सदन में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और बजट पर चर्चा होनी है और इसमें सभी सदस्यों को उनकी बात रखने का पर्याप्त मौका मिलेगा. हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने कुछ मिनट बाद कार्यवाही स्थगित कर दी.

कांग्रेस का भारत-US ट्रेड डील पर चर्चा के लिए नोटिस 

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है. इसमें कहा, ‘इन रिपोर्ट किए गए समझौतों के महत्वपूर्ण आर्थिक, कृषि और रणनीतिक प्रभावों के बावजूद, सरकार ने न तो कोई आधिकारिक बयान दिया है और न ही संसद को भरोसे में लिया है. देश को प्रस्तावित व्यापार समझौते की सही शर्तों और नियमों को जानने का अधिकार है, और यह जरूरी है कि सरकार सभी डिटेल्स संसद और देश के सामने रखे. मामले की गंभीरता और सार्वजनिक महत्व को देखते हुए, इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव के जरिए तुरंत चर्चा होनी चाहिए.’

courtesy@ANI

 

Back to top button