शहद की मिठास से आत्मनिर्भरता… यूपी की एक लाख महिलाएं बढ़ाएंगी आय

UP News: उत्तर प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और खेती-किसानी को नई दिशा देने की दिशा में योगी सरकार ने एक ऐतिहासिक पहल की है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रदेशभर में मधुमक्खी पालन कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिसके जरिए अगले तीन वर्षों में एक लाख ग्रामीण महिलाओं को शहद उद्यमी के रूप में तैयार किया जाएगा।

इस योजना का उद्देश्य केवल शहद उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, महिलाओं की आय में बढ़ोतरी और कृषि उत्पादन में इजाफा सुनिश्चित किया जाएगा।

एक लाख महिलाओं को मिलेगा रोजगार, आय बढ़ाने का लक्ष्य
योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक महिला उद्यमी की वार्षिक आय में लगभग एक लाख रुपये तक की वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक मार्गदर्शन और बाजार से सीधा जुड़ाव भी सुनिश्चित किया जाएगा।

सरकार की मंशा है कि महिलाएं केवल कच्चा शहद बेचने तक सीमित न रहें, बल्कि प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग के जरिए मूल्य संवर्धन कर सकें।

‘डबल फायदा’: खेती भी होगी मजबूत
मधुमक्खी पालन का लाभ सिर्फ महिलाओं तक सीमित नहीं रहेगा। मधुमक्खियों द्वारा परागण से गेहूं, सरसों, दलहन, तिलहन और बागवानी फसलों की पैदावार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और खेती की उत्पादकता में सुधार होगा।

विशेषज्ञों के अनुसार, मधुमक्खी परागण से फसलों की गुणवत्ता बेहतर होती है और उत्पादन 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।

मिशन विलेज के तहत वैश्विक पहचान बनाएगा यूपी का शहद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन विलेज के तहत अब उत्तर प्रदेश का शहद राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी पहचानबनाएगा। ग्रामीण महिलाएं अपने स्वयं के ब्रांड के तहत शहद और उससे जुड़े उत्पाद लॉन्च करेंगी।

सरकार की योजना है कि यूपी का शहद गुणवत्ता, शुद्धता और भरोसे का प्रतीक बने, जिससे देश-दुनिया में इसकी मांग बढ़े।

प्रशिक्षण से लेकर बाजार तक पूरी व्यवस्था
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत:

  • महिलाओं को वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण
  • आधुनिक उपकरण और तकनीकी सहयोग
  • शहद संग्रहण, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग की सुविधा
  • ई-मार्केटप्लेस और अन्य विपणन चैनलों से सीधा जुड़ाव

जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर उद्यमी बन सकें।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया संबल
यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी, बल्कि ग्रामीण रोजगार, कृषि विकास और स्थानीय उद्योगों को भी नई ऊर्जा देगी। इससे गांवों से पलायन रुकेगा और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ की दिशा में मजबूत कदम बढ़ेगा।

Back to top button