
‘मोहम्मद दीपक को देंगे मुंहतोड़ जवाब’, हिंदू रक्षा दल के पिंकी चौधरी का ऐलान
Hindu Raksha Dal Pinky Choudhary: गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने उत्तराखंड के कोटद्वार कूच का ऐलान किया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह कार्यकर्ताओं के साथ ‘मोहम्मद दीपक’ के जिम पर पहुंचकर उसे ‘सबक’ सिखाने की चेतावनी दे रहे हैं।
Hindu Raksha Dal Pinky Choudhary: हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने एक वीडियो जारी कर कोटद्वार जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ‘कल दोपहर तीन बजे हिंदू रक्षा दल के सभी योद्धा पूरी ताकत के साथ कोटद्वार पहुंच रहे हैं।’ पिंकी चौधरी ने कहा कि कोटद्वार में वे दीपक को बताएंगे कि किस तरह विशेष वर्ग को समर्थन करके वह हमारे हिंदू भाइयों का उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोटद्वार देवभूमि है और देवभूमि में ऐसे दानवों का रहना उचित नहीं है। यह चेतावनी एक वीडियो संदेश के माध्यम से दी गई है।
पिंकी चौधरी का वीडियो वायरल
अब हिंदू रक्षा दल के नेता पिंकी चौधरी का धमकी भरा वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में पिंकी चौधरी कह रहे हैं कि वे दीपक को सबक सिखाएंगे। उन्होंने ऐलान किया कि हिंदू रक्षा दल पूरी ताकत के साथ कोटद्वार कूच कर रही है और वे ‘दीपक का मुल्लापन कोटद्वार जाकर निकालेंगे।’ पिंकी चौधरी ने दीपक कुमार पर हिंदुओं का उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया।
दरअसल, बीते दिनों कोटद्वार में ‘बाबा’ नाम वाली एक बुजुर्ग मुस्लिम शख्स की दुकान को लेकर बवाल हुआ था. हिंदूवादी संगठनों ने ‘बाबा’ नाम को हिंदू धार्मिक स्थल से जोड़ा और कहा कि नाम को बदला जाए. हंगामा हुआ तो दीपक मुस्लिम शख्स के समर्थन में उतर आए और खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ कहा. इसी के बाद से वो हिंदूवादी संगठनों के रडार पर आ गए.





