Lucknow News: बेकाबू कार ने बरपाया कहर! 1 की मौत और 6 घायल

Lucknow Hit and Run Case: लखनऊ में स्विफ्ट डिजायर कार से सड़क किनारे गाड़ियों में टक्कर मारते हुए 6 लोगों को रौंदने वाला 12वीं का स्टूडेंट निकला। इसमें एक 6 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

Lucknow Hit and Run Case: यूपी की राजधानी लखनऊ में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बंथरा थाना क्षेत्र के कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे मौजूद वाहनों और लोगों को टक्कर मारते हुए 6 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक 6 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मासूम पहली बार आया था बाजार

मृतक बच्चे की पहचान उन्नाव निवासी साधना के बेटे दीक्षांत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी नानी के साथ पहली बार बाजार आया था। जब हादसे की सूचना मिलते ही उसकी मां अस्पताल पहुंची और बेटे के शव से कफन हटाया, तो वह बिलखकर चीख पड़ी। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।

ड्राइवर निकला 12वीं का छात्र

पुलिस जांच में सामने आया कि कार चला रहा युवक 12वीं कक्षा का छात्र है। वह अपने कॉलेज की फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था और उसके साथ एक क्लासमेट लड़की भी कार में मौजूद थी। हादसे के बाद कार रुकते ही लड़की उतर गई, जबकि आरोपी छात्र कार लेकर मौके से फरार हो गया।

नियंत्रण खोने की वजह से हुआ हादसा

कृष्णा नगर एसीपी रजनीश वर्मा के अनुसार, पुलिस ने कार को ट्रेस करते हुए एक घंटे के भीतर आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया। कार भी जब्त कर ली गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की वजह से हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, गैर-इरादतन हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही हादसे के दौरान मौजूद लड़की से भी पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़े- बदायूं में शादी की खुशियां गम में बदलीं, दो ट्रैक्टरों की भिड़ंत में 3 की मौत; कई घायल

यह हादसा एक बार फिर नाबालिग या कम उम्र के युवाओं द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक ट्रेंड को उजागर करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में अभिभावकों की जिम्मेदारी और सख्त ट्रैफिक निगरानी बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़े- तेज रफ्तार बोलेरो ने बैंड कर्मियों को मारी टक्कर… एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

Back to top button