लखनऊ की सड़कों पर बाइकर्स गैंग की स्टंटबाजी, 17 वर्षीय छात्र की मौत

Lucknow News: लखनऊ में स्टंट के दौरान तेज रफ्तार बुलेट पहले स्कूटी से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में 17 वर्षीय इंटर के छात्र की मौत, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।

Lucknow News: भारत में हर साल हजारों युवाओं की मौत सड़क हादसे में होती है। सड़क पर स्टंट करना हो या तेज रफ्तार से वाहन चलाना। इस तरह के हादसों में अक्सर लोगों की मौत हो जाती है। लेकिन इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बाइकर्स ग्रुप के साथ राइडिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोमती नगर विस्तार इलाके में रविवार सुबह तेज रफ्तार बाइक एक स्कूटी से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। जिससे इंटर के छात्र की मौत हो गई।

डिवाइडर से भिड़ी बुलेट

जानकारी के अनुसार, विशेष खंड गोमती नगर विस्तार के रहने वाले राम इकबाल का 17 साल का बेटा नैतिक कुमार इंटर का छात्र था। परिजनों ने बताया कि नैतिक रविवार सुबह बुलेट बाइक से जनेश्वर मिश्र पार्क की ओर घूमने के लिए निकला था। जब वह पार्क के गेट नंबर-5 के पास पहुंचा, तभी स्टंट के दौरान उसकी तेज रफ्तार बाइक आगे चल रही स्कूटी से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और एक अन्य वाहन से टकराते हुए डिवाइडर के पास गिर गई। गिरने के दौरान नैतिक का सिर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।

हादसे में आदित्य श्रीवास्तव और कृष्ण सिंह भी घायल हो गए। वहीं, आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नैतिक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

हादसे का वीडियो बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नैतिक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस दर्दनाक हादसे का वीडियो एक युवक के बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बुलेट सवार युवक स्टंट के दौरान आगे चल रही स्कूटी में जा भिड़ता है।

वहीं, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक भी स्कूटी पर चढ़ने के बाद अनियंत्रित हो जाती है। वहीं, गोमती नगर विस्तार के इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

Back to top button