
UP News: मेडिकल कॉलेज में रैगिंग करना MBBS छात्रों को पड़ा भारी, 11 स्टूडेंट सस्पेंड
UP News: बिजनौर जिले के महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय MBBS प्रथम वर्ष के एक छात्र के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। जांच में MBBS द्वितीय वर्ष के 11 छात्रों को दोषी पाया।
UP News: महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। एमबीबीएस के द्वितीय वर्ष की 11 छात्रों ने रैगिंग कर छात्र का उत्पीड़न किया। पीड़ित छात्र के एंटी रैगिंग हैल्पलाइन पर शिकायत के बाद मेडिकल कॉलेज को अनुशासनात्मक कदम उठाने पड़े और 11 छात्राें पर कार्रवाई की गई। हालांकि मेडिकल कॉलेज प्रशासन घटना को करीब एक माह तक दबाए रहा।
डेढ़ महीने तक दबाए रखा मामला
मेडिकल कॉलेज के सूत्रों के अनुसार, रैगिंग की घटना करीब डेढ़ महीने पहले घटित हुई थी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शुरुआत में इसे आंतरिक मामला मानकर सुलझाने या दबाने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित छात्र ने हिम्मत दिखाते हुए इसकी शिकायत राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन पर दर्ज करा दी। एनएमसी के हस्तक्षेप के बाद कॉलेज प्रशासन को अनुशासनात्मक कदम उठाने पड़े।
ये भी पढ़े- Lucknow News: फॉलोवर्स बढ़ाने की सनक में हादसा, फांसी की एक्टिंग में गई जान
MBBS के 11 छात्रों पर गिरी गाज
एंटी-रैगिंग कमेटी की जांच के बाद एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के कुल 11 छात्रों को दोषी माना गया है। इनमें एक छात्र को 10 हजार रुपये जुर्माना व छह सप्ताह का निलंबन, एक को 10 हजार रुपये जुर्माना व चार सप्ताह का निलंबन तथा एक छात्र को पांच हजार रुपये जुर्माना व दो सप्ताह के निलंबन तथा आठ छात्रों को दो सप्ताह के निलंबन की सजा दी गई है।
हालांकि नाम न छापने की शर्त पर विद्यार्थियों ने बताया, कि इनमें कुछ छात्र ऐसे भी दोषी मान लिए गए जो रैगिंग में शामिल नहीं थे और इत्तेफाकिया वहां पर मौजूद थे।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. तुहिन वशिष्ठ ने बताया कि प्रकरण में एक माह पूर्व कार्रवाई की जा चुकी है। सभी संबंधित छात्रों के अभिभावकों को भी बुलाया गया और काउंसलिंग कराई गई थी।
ये भी पढ़े- Lucknow News: आशियाना में दिल दहला देने वाली वारदात, नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म





