
BBD Student Protest: BBD यूनिवर्सिटी में मेस के खाने को लेकर बवाल, छात्रों ने किया हंगामा
BBD Student Protest: लखनऊ की BBD यूनिवर्सिटी में मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों ने देर रात हंगामा किया। नाराज छात्र हाईवे जाम करने पहुंचे, बाद में प्रशासन के आश्वासन पर प्रदर्शन खत्म हुआ।
BBD Student Protest: लखनऊ की BBD यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को आधी रात मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। बीटेक और बीसीए के छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विरोध किया। छात्रों ने वार्डन पर एक साथी का हाथ मरोड़ने और पिटाई का आरोप लगाया। इसके बाद आक्रोशित छात्रों ने परिसर में घूम-घूमकर नारेबाजी और हंगामा किया। बवाल की सूचना पर कई थानों का पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को कार्यवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू करवाई।
खराब खाने को लेकर भड़का गुस्सा
जानकारी के अनुसार मामला यूनिवर्सिटी के CMD ब्लॉक हॉस्टल से जुड़ा है। यहां रहने वाले बीटेक और बीसीए के छात्रों ने आरोप लगाया कि कई दिनों से मेस में बेहद खराब गुणवत्ता का भोजन दिया जा रहा था। छात्रों का कहना है कि खाने में स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जा रहा था और कई बार भोजन में बदबू आने जैसी शिकायतें भी सामने आईं। इससे छात्रों में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी। एक छात्र राहुल ने कहा कि हम फीस और हॉस्टल चार्ज पूरा देते हैं, लेकिन खाने की गुणवत्ता बेहद खराब है। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।”
#Lucknow – नाराज़ BBD यूनिवर्सिटी के छात्रों नें लखनऊ-अयोध्या हाईवे किया जाम, सैंकड़ो की संख्या मे छात्र उतरे हाइवे पर @east_dcp @lkopolice @Uppolice @dgpup @homeupgov @LkoCp pic.twitter.com/KlvTUDjSKX
— Shivasharma (@Shiva_sharma112) May 15, 2026
शिकायत करने पर विवाद का आरोप
छात्रों के मुताबिक जब उन्होंने मेस और हॉस्टल प्रबंधन से शिकायत की तो उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी गई। आरोप है कि शिकायत के दौरान वार्डन और ब्लॉक हेड शुभम प्रताप सिंह से छात्रों की कहासुनी हो गई।
कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया और देर रात हॉस्टल परिसर में भारी संख्या में छात्र इकट्ठा हो गए।
ये भी पढ़े- UP News: हिडन कैमरे से रिकॉर्डिंग, फिर वसूली, कानपुर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़…
रात बढ़ने के साथ प्रदर्शन और उग्र हो गया। नाराज छात्र हॉस्टल परिसर से निकलकर लखनऊ-अयोध्या हाईवे की ओर बढ़ने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ छात्रों ने हाईवे जाम करने की कोशिश भी की। हालांकि समय रहते पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मौके पर पहुंच गया और छात्रों को समझाने का प्रयास शुरू किया गया।
पुलिस ने क्या कहा
मामले को लेकर BBD Police Station के इंस्पेक्टर ने बताया कि फिलहाल पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि “छात्रों और प्रशासन के बीच विवाद की सूचना मिली थी।
मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया गया। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
ये भी पढ़े- “डार्लिंग, पेपर आउट करा दिया है…” लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर का घिनौना ऑडियो वायरल





