
UP के मेडिकल कॉलेजों में धर्मांतरण पर सख्ती, KGMU-SGPGI मामलों के बाद स्पेशल सेल…
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में धर्मांतरण के मामलों को रोकने के लिए विशेष सेल का गठन किया जाएगा। KGMU और SGPGI के मामलों के बाद राजभवन के निर्देश पर यह बड़ा फैसला लिया गया है।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के चिकित्सा और दंत चिकित्सा (Medical and Dental) संस्थानों में धार्मिक गतिविधियों और कथित धर्मांतरण के मामलों पर लगाम लगाने के लिए एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में अब एक विशेष सेल (Special Cell) का गठन किया जाएगा। यह सेल परिसर के भीतर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखेगा और छात्रों को जागरूक करने का काम करेगा। यह महत्वपूर्ण निर्णय उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के कड़े निर्देशों के बाद लिया गया है।
धर्मांतरण रोकने के लिए बनेगा विशेष सेल
हाल ही में लखनऊ के प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) और संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) में धर्मांतरण से जुड़े कुछ कथित मामले सामने आए थे। राजभवन ने इन घटनाओं को बेहद गंभीरता से लिया है।
इसी क्रम में, अटल बिहारी वाजपेई चिकित्सा विश्वविद्यालय (ABVMU) ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर अपने सभी संबद्ध (Affiliated) सरकारी और निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों को तुरंत विशेष सेल गठित करने का निर्देश दिया है।
सभी मेडिकल-डेंटल कॉलेजों को दिया निर्देश
इस आदेश के बाद अब सभी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में धर्मांतरण को रोकने के लिए विशेष सेल गठित किया जाएगा. जो छात्रों, रेजिडेंट डॉक्टरों और कर्मचारियों के बीच जागरूकता अभियान चलाएगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क नजर रखेगा.
इस सेल का उद्देश्य शैक्षणिक परिसर में सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना, प्राप्त शिकायतों पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करना, नियमों, अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी देना होगा. राज्यपाल के निर्देश के बाद प्रदेश भर के चिकित्सा संस्थानों में निगरानी व्यवस्था को और सख्त करने की तैयारी तेज हो गई हैं.
ये भी पढ़े- ‘सच बोलूंगा तो परेशानी में…’, राम मंदिर चढ़ावे में चोरी पर बोले बृजभूषण शरण सिंह
बता दें कि बीते दिनों लखनऊ के केजीएमयू में भी युवती को लव जिहाद में फंसाने और धर्मांतरण का मामला सामने आया था. इस मामले में पैथोलॉजी विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर रमीज को गिरफ्तार किया था. आरोपी ने पहले शादी का झांसा देकर हिन्दू युवती को फंसाया और फिर धर्मांतरण का दबाव बनाया.
ये भी पढ़े- धोखाधड़ी-जालसाजी करने वालों की अब खैर नहीं, CM योगी ने दिए कड़े निर्देश…





