
लखनऊ में उतरी कॉकरोच जनता पार्टी, ईको गार्डन में आज बड़ा प्रदर्शन
CJP Protest Lucknow: नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलनरत कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन आज राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में आयोजित होगा।
कॉकरोच जनता पार्टी पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके गुरुवार रात अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां वह भारतीय क्रिकेट टीम की टी-शर्ट में नजर आए। उन्होंने कहा कि पुणे और बेंगलुरु की तरह लखनऊ में भी शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा।
लखनऊ पुलिस ने प्रदर्शन के लिए ईको गार्डन में केवल 12 जून के लिए अनुमति जारी की है। हालांकि इससे पहले अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर 12 से 18 जून तक रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन करने और बड़ी संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील की थी।
प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती दौर में किसी भी संगठन ने वैधानिक अनुमति के लिए संपर्क नहीं किया था, लेकिन अब एक दिन की अनुमति प्रदान कर दी गई है।
यह भी पढ़े: ‘सच बोलूंगा तो परेशानी में…’, राम मंदिर चढ़ावे में चोरी पर बोले बृजभूषण शरण सिंह
कॉकरोच जनता पार्टी नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में सुधार जैसी मांगों को लेकर आंदोलन कर रही है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर देशभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा।





