
जमकरान मस्जिद में अदा हुई खामेनेई की जनाजे की नमाज, कोम में उमड़ी भारी भीड़…
Ali Khamenei’s funeral: ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा मंगलवार को शिया मुसलमानों के प्रमुख धार्मिक शहर कोम पहुंची, जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लाखों लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। तेहरान में सोमवार को हुए विशाल अंतिम यात्रा जुलूस के बाद कोम में भी भारी जनसमूह देखने को मिला। ड्रोन फुटेज में जमकरान मस्जिद और उसके आसपास का पूरा इलाका श्रद्धालुओं से खचाखच भरा दिखाई दिया।
खामेनेई और उनके परिवार के दिवंगत सदस्यों के ताबूतों को जमकरान मस्जिद लाया गया, जहां वरिष्ठ शिया धर्मगुरु आयतुल्ला अब्दुल्ला जवादी अमोली ने जनाजे की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद अंतिम यात्रा मस्जिद से शुरू होकर पवित्र स्थलों की ओर बढ़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में ईरानी झंडे और धार्मिक प्रतीक लेकर अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
शिया समुदाय के लिए खास महत्व रखता है कोम
कोम को शिया मुसलमानों का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र माना जाता है। यहां विश्व प्रसिद्ध इस्लामी शिक्षण संस्थान और धार्मिक स्थल स्थित हैं। अयातुल्ला अली खामेनेई ने अपने शुरुआती धार्मिक जीवन के दौरान इसी शहर में इस्लामी शिक्षा प्राप्त की थी। यही वजह है कि उनकी अंतिम यात्रा का यह पड़ाव धार्मिक और भावनात्मक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लगातार दूसरे दिन उमड़ी लाखों लोगों की भीड़
तेहरान के बाद कोम में भी अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और अंतिम यात्रा मार्ग पर पुलिस, स्वयंसेवकों तथा आपातकालीन सेवाओं की अतिरिक्त तैनाती की गई है। राज्य मीडिया के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा कई अन्य देशों से आए श्रद्धालु भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें…
Pacific में चीन का मिसाइल धमाका, जापान-ऑस्ट्रेलिया ने जताई कड़ी चिंता
अब इराक के नजफ और कर्बला जाएगी अंतिम यात्रा
अधिकारियों के अनुसार, 8 जुलाई को खामेनेई के ताबूत को इराक के पवित्र शहर नजफ और कर्बला ले जाया जाएगा, जहां इराकी शिया समुदाय अंतिम दर्शन करेगा और विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर को वापस ईरान लाकर उनके गृह नगर मशहद पहुंचाया जाएगा।
यह भी पढ़ें…
Tehran में खामेनेई को अंतिम विदाई, 10 घंटे तक चलेगी ऐतिहासिक अंतिम यात्रा…
मशहद में होगा अंतिम संस्कार
अंतिम यात्रा का समापन गुरुवार को मशहद स्थित इमाम रजा दरगाह परिसर में होगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान और धार्मिक परंपराओं के साथ अयातुल्ला अली खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अंतिम संस्कार में ईरान के शीर्ष राजनीतिक और धार्मिक नेताओं के साथ विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों के भी शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें…





