
डे-केयर सेंटर में बच्चों संग खौफनाक करतूत, मासूमों को वॉशिंग मशीन में किया बंद; 5 गिरफ्तार
Bengaluru Daycare Case: बेंगलुरु में आईटी कंपनी कैपजेमिनी के डे-केयर सेंटर में 2-3 साल के मासूम बच्चों को वॉशिंग मशीन में बंद करने और टॉयलेट जेट से प्रताड़ित करने का खौफनाक मामला सामने आया है।
Bengaluru Daycare Child Abuse: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के एचएएल (HAL) कैंपस स्थित आईटी कंपनी कैपजेमिनी (Capgemini) के डे-केयर सेंटर में मासूम बच्चों के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं। बच्चों को प्रताड़ित करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 महिला केयरगिवर्स (नैनी) को गिरफ्तार कर लिया है।
टॉयलेट जेट से टॉर्चर और वॉशिंग मशीन में किया बंद
पुलिस जांच और शिकायत के अनुसार, वायरल वीडियो में नैनी 2 से 3 साल के मासूम बच्चों को बुरी तरह डरा-धमका रही थीं। जब बच्चे रोते या शोर मचाते, तो उन्हें चुप कराने के लिए बेहद अमानवीय तरीके अपनाए जाते थे। आरोपियों ने बच्चों को फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन के अंदर बंद किया, उन्हें वेस्टर्न कमोड पर जबरन बैठाया और रोने से रोकने के लिए टॉयलेट के अंदर बंद कर दिया। इतना ही नहीं, मासूमों के मुंह में टॉयलेट जेट स्प्रे से पानी की बौछारें भी मारी गईं।

वीडियो वायरल होने के बाद खुली पोल
यह पूरी खौफनाक करतूत तब सामने आई जब सोमवार को डे-केयर के अंदर के कुछ वीडियो व्हाट्सएप पर लीक होकर वायरल हो गए। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन को मामले की सूचना दी गई और पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर मंजुला, विजयलक्ष्मी, भवानी, सिंधु और बिंदु नाम की 5 नैनी को गिरफ्तार किया है।
कंपनी ने डे-केयर सेंटर को किया बंद
मामला बढ़ने के बाद कैपजेमिनी कंपनी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि उनके लिए कर्मचारियों और उनके बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। वे जांच में पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु कैंपस के इस डे-केयर सेंटर को फिलहाल के लिए बंद कर दिया गया है।





