
अक्षय पात्र फाउंडेशन का अभियान; ‘ब्रज को स्वच्छ रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी’
Mathura News: ब्रज की पावन धरा एवं श्रीगिरिराज गोवर्धन की तलहटी को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अक्षय पात्र फाउंडेशन और ‘जन उदय विजन फाउंडेशन’ (जिसका गठन राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम के कोच नवीन पूनिया द्वारा किया गया है) के संयुक्त तत्वावधान में चलाए गए इस महा-स्वच्छता अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं और सेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘संकल्प से सेवा’ अभियान की भावना के अनुरूप यह सेवा प्रकल्प आयोजित किया गया।
गोविंद कुंड से जतीपुरा तक चली सफाई
इस स्वच्छता अभियान के तहत गोविंद कुंड स्थित मनोहर बाबा की गौशाला से लेकर जतीपुरा तक गिरिराज तलहटी में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम के कोच नवीन पूनिया ने अपने संबोधन में कहा कि “ब्रज को स्वच्छ रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि की पवित्रता, धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना प्रत्येक ब्रजवासी, श्रद्धालु एवं पर्यटक का परम कर्तव्य है। सामूहिक प्रयासों से ही ब्रज को प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान अक्षय पात्र फाउंडेशन के कर्मचारियों, युवाओं और जन उदय विजन फाउंडेशन के सेवकों ने गिरिराज तलहटी में जगह-जगह बिखरे प्लास्टिक के कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित किया। इस कचरे को गार्बेज बैग में भरकर ट्रैक्टर के माध्यम से तलहटी से सुरक्षित बाहर पहुंचाया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अक्षय पात्र फाउंडेशन केअनंत प्रभु जी ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए ब्रजभूमि की स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ब्रज की पावन भूमि की सेवा केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पर्यावरण, धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक संपदा की रक्षा करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही, उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आह्वान किया कि युवा स्वच्छता और नशामुक्ति के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं, जिससे एक सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
अभियान के दौरान नवीन पूनिया ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाना और प्लास्टिक के उपयोग से बचना हर नागरिक का दायित्व है।
इस संयुक्त आयोजन में अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से राजीव रावत, अमित झा, जनसंपर्क विभाग से जितेंद्र शर्मा, विष्णु शर्मा, आकांक्षा, मनीष और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, जन उदय विजन फाउंडेशन की तरफ से कुंज बिहारी पांडे सहित संगठन के तमाम सेवक सक्रिय रूप से मौजूद रहे। यह पहल ब्रज क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने और युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत करने की दिशा में एक बेहद सराहनीय कदम साबित हुई है।





