नशामुक्त भारत के लिए यूपी पुलिस की पहल, लखनऊ से 3000 KM की यात्रा शुरू…

उत्तर प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता के लिए लखनऊ से 3000 किलोमीटर की मोटरसाइकिल रैली शुरू की है। यह रैली युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करेगी।

Lucknow: उत्तर प्रदेश में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के लिए यूपी पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में लखनऊ से 3,000 किलोमीटर लंबी मोटरसाइकिल रैली रवाना हुई। पुलिस मुख्यालय से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ थीम पर निकली यह रैली केवड़िया तक पहुंचेगी और रास्ते में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी।

नशामुक्त युवा ही मजबूत भारत की नींव: डीजीपी
रैली को रवाना करते हुए डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि सशक्त और अखंड भारत के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी का नशामुक्त होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि यूपी पुलिस नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ तस्करों की अवैध कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों को भी निशाना बना रही है। इसका उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार की आर्थिक जड़ों पर प्रहार करना है।

यह भी पढ़ें…

‘2017 से पहले उपद्रव, अब उत्सव’… शिक्षक-स्नातक सम्मेलन में CM योगी का विपक्ष पर निशाना

यूपी में 4,197 मुकदमे दर्ज, 6,076 तस्कर गिरफ्तार
डीजीपी के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक प्रदेश में मादक पदार्थों से जुड़े 4,197 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 36,088 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए और 6,076 तस्करों को गिरफ्तार किया है।

वहीं, ऑपरेशन दहन के तहत 1,72,246 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए हैं। पुलिस इन कार्रवाइयों के जरिए नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें…

अक्षय पात्र फाउंडेशन का अभियान; ‘ब्रज को स्वच्छ रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी’

3,000 किलोमीटर की यात्रा से युवाओं को मिलेगा जागरूकता का संदेश
लखनऊ से केवड़िया के लिए रवाना हुई मोटरसाइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान के जरिए नशे के दुष्परिणामों, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और नशामुक्त समाज के महत्व का संदेश दिया जाएगा।

यूपी पुलिस की यह पहल कानून-व्यवस्था से आगे बढ़कर सामाजिक जागरूकता पर भी जोर देती है। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें…

हजरतगंज में पार्किंग व्यवस्था पर सवाल, जनपथ मार्केट के लोगों ने उठाई आवाज

Back to top button