
Bharat का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर Himanshu Bhau America में गिरफ्तार
Las Vegas में Himanshu के गले की फांस बना FBI
FBI Himanshu Bhau America NIA: भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस की मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा के रोहतक जिले के रिटौली गांव का मूल निवासी हिमांशु अमेरिका के लास वेगास में ठिकाना बनाकर वहीं से अपना आपराधिक सिंडिकेट संचालित कर रहा था।
अमेरिका में हिमांशु भाऊ और टखने का निगरानी ट्रैकर काटकर फरार हुए नीरज फरीदपुरिया की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जांच एजेंसियां अब दोनों के प्रत्यर्पण (Extradition) और डिपोर्टेशन की कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में जुट गई हैं।
उस पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और हथियारों की तस्करी जैसे 30 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इसी कार्रवाई के दौरान एक अन्य भगोड़े अपराधी नीरज फरीदपुरिया को भी हिरासत में लिया गया है। इंटरपोल ने 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट पर इंटरपोल ने 2023 में हिमांशु भाऊ के खिलाफ ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी किया था।
उसकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस ने 2.5 लाख रुपये और दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपये का नकद इनाम घोषित कर रखा था। तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर भारतीय एजेंसियों ने लास वेगास में उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस कर अमेरिकी अधिकारियों के साथ साझा की, जिसके बाद अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसी (FBI) ने उसे धर दबोचा।
बाल सुधार गृह से फरार होकर खड़ा किया अंतरराष्ट्रीय गिरोहमहज 24 वर्ष की आयु में अंतरराज्यीय अपराध की दुनिया में बड़ा नाम बने हिमांशु भाऊ का आपराधिक इतिहास इस प्रकार रहा है। 17 वर्ष की उम्र में उसने रोहतक की सब्जी मंडी में व्यापारियों से जबरन वसूली कर जुर्म की राह चुनी।
अपने ही गांव के युवक सनी की हत्या के मामले में निरुद्ध होने के बाद हिमांशु वर्ष 2020 में हिसार के बाल सुधार गृह से करीब 20 बाल अपचारियों के साथ फरार हो गया था। 24 घंटे में 3 हत्याएं की। वर्ष 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देकर वह अपराध की दुनिया में शीर्ष पर आया।
नीरज बवाना और बंबीहा सिंडिकेट से गठजोड़: जेल से बाहर आने के बाद उसने नीरज बवाना गिरोह से संपर्क साधा और बाद में बंबीहा सिंडिकेट से हाथ मिलाया। लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह से उसकी पुरानी और खूनी रंजिश रही है।
पुर्तगाल और बाद में अमेरिका में बैठकर हिमांशु वर्चुअल नंबरों और सोशल मीडिया के जरिए भारत में कारोबारियों, शराब ठेकेदारों और बिल्डरों को धमकाकर रंगदारी वसूलता था। वर्ष 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित आवास के बाहर हुई अंधाधुंध गोलीबारी की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी।
दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट पर हुई बहुचर्चित हत्या और कार शोरूम पर फायरिंग कांड में भी उसी के गुर्गों का नाम सामने आया था। 14 सितंबर को दिल्ली में जिम ट्रेनर विजय कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या की जिम्मेदारी भी इसी गिरोह ने ली थी।





