Cyclone Arnab: UP का मौसम बिगड़ेगा ‘अर्नब’, आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बिगड़ने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) के असर से राज्य के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज झोंकेदार हवाओं का दौर शुरू होने की प्रबल संभावना है।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, इस मौसमी बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का असर अचानक बढ़ जाएगा।

मूसलाधार बारिश की संभावना

मौसम विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’  आंध्र प्रदेश और यानम के तटीय इलाकों से टकराने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके असर से 28 अक्टूबर से ही पूर्वांचल के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

वहीं 29 और 30 अक्टूबर को इसका सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा, जब पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों और मध्य यूपी (अवध) के इलाकों में तेज हवाओं (30 से 50 किमी/घंटा) के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है।

इन जिलों में जारी अलर्ट

मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकरनगर सहित आसपास के जिलों में मूसलाधार बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इसके अलावा बरेली, पीलीभीत, शाहजहाँपुर और महराजगंज में भी 30 और 31 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा का अनुमान है।

किसानों के लिए कृषि सलाह

आंचलिक मौसम केंद्र ने बेमौसम बारिश और आंधी को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, खेतों में खड़ी धान, मक्का, तिल, अरहर और सब्जियों की फसलों को नुकसान से बचाने के लिए सिंचाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें। साथ ही कृषि मंडियों में खुले में रखे अनाज को भीगने से बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों या तिरपाल से ढककर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Back to top button