लखनऊ में वकीलों का जोरदार प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़े

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में अधिवक्ताओं की सुरक्षा का मुद्दा गरमा गया है। राज्य में वकीलों पर लगातार हो रहे हमलों के विरोध में वकीलों ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।

लखनऊ में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर वकीलों ने प्रदर्शन किया। कैसरबाग न्यायालय से शुरू हुआ पैदल मार्च हजरतगंज पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की। कुछ वकील बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी।

सड़कों पर उतरे वकील

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजधानी के प्रमुख अदालतों और बार एसोसिएशन से जुड़े सैकड़ों वकील अपनी मांगों के समर्थन में तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारी वकीलों का कहना है कि अदालतों में पैरवी करने वाले और मुवक्किलों का न्याय दिलाने वाले अधिवक्ता आज खुद पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं।

पिछले कुछ समय में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से वकीलों पर जानलेवा हमलों, मारपीट और उत्पीड़न की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके बाद से पूरे कानूनी समुदाय में गहरी नाराजगी व्याप्त है।

वकीलों का तर्क है कि जब तक पुलिस और अपराधियों के मन में कानून का डर पैदा करने के लिए सख्त विशेष सुरक्षा कानून नहीं बनेगा, तब तक अधिवक्ता बिना किसी भय के अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर पाएंगे। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और जल्द से जल्द विधानसभा सत्र में इस विधेयक को लाकर पारित करने की मांग दोहराई।

बार एसोसिएशन के नेताओं ने दी चेतावनी

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विभिन्न बार संगठनों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए प्रदेश में ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ लागू नहीं किया, तो आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा। वकीलों का कहना है कि उनकी मांग पूरी तरह न्यायसंगत है क्योंकि देश के कई अन्य राज्यों में पहले से ही वकीलों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून अस्तित्व में हैं।

प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वकीलों को समझाने का प्रयास किया और उनकी मांगों से उच्च स्तर पर अवगत कराने का आश्वासन दिया है।

Back to top button