अमित खरे पीएम मोदी के सलाहकार नियुक्त, करीबी नौकरशाहों में रहा है नाम

pm modi

नई दिल्ली। मानव संसाधन और सूचना प्रसारण मंत्रालय में बतौर सचिव सेवाएं दे चुके व बीते 30 सितंबर को ही उच्च शिक्षा सचिव के पद से रिटायर हुए 1985 बैच के आईएएस अधिकारी अमित खरे को पीएम नरेंद्र मोदी का सलाहकार नियुक्त किया गया है।

एक सरकारी आदेश में दी गई उनकी नियुक्ति की जानकारी के मुताबिक कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने अमित खरे को पीएम का सलाहकार बनाए जाने को मंजूरी दी है। वह पीएमओ में सलाहकार के तौर पर काम करेंगे। उनका रैंक और स्केल भारत सरकार के किसी अन्य सचिव के बराबर होगा।

उनकी यह नौकरी कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होगी। इसके अलावा पुनर्नियुक्ति को लेकर सरकार के सभी नियम उन पर लागू होंगे। फिलहाल उन्हें दो साल या फिर अगले किसी आदेश तक के लिए नियुक्ति दी गई है। इसे बाद में बढ़ाया भी जा सकता है।

अमित खरे को पीएम नरेंद्र मोदी के करीबी नौकरशाहों में शुमार किया जाता रहा है। देश में इसी साल लागू की गई नई एजुकेशन पॉलिसी का ड्राफ्ट तैयार करने में भी उनका अहम योगदान माना जाता रहा है।

हाल ही में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी की गई डिजिटल मीडिया नियमावली के नियम तय करने में भी उनकी अहम भूमिका रही है।  

इसी साल पूर्व कैबिनेट सचिव पीके सिन्हा और सचिव अमरजीत सिन्हा ने पीएमओ छोड़ा था। इसके बाद अब अमित खरे की पीएमओ में एंट्री हुई है। पीके सिन्हा और अमरजीत सिन्हा भी पीएम नरेंद्र मोदी के सलाहकार के तौर पर काम कर रहे थे।

अमित खरे को स्पष्टवादी फैसले लेने और पारदर्शिता के साथ काम करने के लिए जाना जाता रहा है। वह उन कुछ सचिवों में से एक हैं, जिन्होंने एक साथ मानव संसाधन विकास मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के कामकाज को संभाला है।

Leave a Reply

Back to top button