
शादी में फेरे के बाद अजीबोगरीब बवाल, कुल देवता पर मचा हंगामा; लौटी बारात
UP News: बाराबंकी में धूमधाम से एक शादी संपन्न हुई। वरमाला के बाद दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे भी लिए। लेकिन विदाई से ठीक पहले दुल्हन ने ससुराल जाने से ही इनकार कर दिया।
UP News: यूपी के बाराबंकी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां विदाई से पहले कुल देवता के अलग होने की बात कहकर लड़की वालों ने शादी तोड़ दी। बातचीत में वर-वधू पक्ष के कुल देवता अलग-अलग होने का पता चला तो विदाई से पहले रिश्ता खत्म हो गया। किसी ने दोनों परिवारों के कुल देवता के एक न होने की आवाज उठाई। दुल्हन रंजना कुमारी उर्फ शिवरंजना ने भी ससुराल जाने से इनकार कर दिया। मामला थाने तक पहुंचा। पंचायत बैठाई गई। लेकिन, आखिरकार शादी नहीं जुड़ पाई।
थाने में चला पंचायत का दौर, लेकिन रिश्ता खत्म
ग्रामीणों के अनुसार विवाह समारोह में सारी रस्में हो गई थीं। रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक दूल्हे के कोट की जेब में कुलदेवता की चमड़े की तस्वीर देख दुल्हन रंजना बिफर पड़ी और देवता अलग-अलग होने की बात कहते हुए शादी से इनकार कर दिया। मामला बढ़ता देख दोनों पक्ष थाने पहुंचे। वर पक्ष ने आरोप लगाया कि वधू पक्ष ने जेवर हड़प लिए हैं, जबकि वधू पक्ष ने शादी से हुए खर्च की भरपाई की मांग रखी। पूरे दिन थाने में पंचायत चलती रही। आखिरकार, वर-वधू दोनों ने सहमति जताई और शादी को रद्द कर दिया।
बिन दुल्हन लौटी बरात
एसएचओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी न करने का फैसला किया है। इस घटना की इलाके में खूब चर्चा रही। जहां सात फेरे होने के बाद भी देवता अलग होने की वजह से शादी का बंधन टूट गया। बैंड-बाजे के साथ धूमधाम से पहुंची बरात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
आखिर में मामला थाने पहुंचा। जहां वर पक्ष ने वधू पक्ष पर जेवर हड़पने की नीयत से देवता एक न होने की बात कहने की बात कही। वहीं वधू पक्ष का कहना है कि वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान दूल्हे ने शराब पी रखी थी।