
यूपी में मौसम ने लिया यू-टर्न, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंडक; अस्पतालों में बढ़े मरीज
UP Cold Wind Weather: पहाड़ों में हुई बर्फबारी से यूपी में अचानक ठंड बढ़ गई है। 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चल रही हैं। तेज हवाओं के कारण तापमान करीब 5°C तक गिर गया है।
UP Cold Wind Weather: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में पहाड़ों से बर्फीली हवाएं आ रही हैं, जिससे उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई. सुबह व रात के समय बर्फीली हवाओं ने फिर से गर्म कपड़े पहनने पर लोगों को मजबूर कर दिया. तापमान में आई गिरावट के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या अस्पतालों में बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
तेज हवाओं ने बढ़ाई ठंडक
मार्च के महीने में आमतौर पर गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार ठंडी हवाओं ने पूरे लखनऊ मंडल के मौसम को प्रभावित कर दिया है। पिछले दो दिनों से सुबह और शाम के समय तेज़ हवाओं के कारण लोगों को हल्की ठंड का अनुभव हो रहा है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को भी लखनऊ में तेज रफ्तार हवाएं चलती रहेंगी. दिन में आसमान साफ रहेगा. तेज धूप खिलेगी. तेज रफ्तार हवाओं के कारण धूल भरी आंधी चल सकती है. अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश का बिजनौर जिला बुधवार को सबसे ठंडा रहा, जहां पर न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान गाजीपुर जिले में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.