
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने रचाई शादी, गायिका शिवश्री संग लिए ‘सात फेरे’
Tejaswi Surya Married: भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या गुरुवार को चेन्नई की मशहूर सिंगर और भरतनाट्यम डांसर शिवश्री स्कंदप्रसाद से शादी कर ली। उनकी शादी की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं।
Tejasvi Surya Married: भाजपा के सांसद और युवा नेता तेजस्वी सूर्या ने शादी रचा ली है। उनकी शादी के चर्चे साल की शुरुआत से ही थे। शादी समारोह में करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया था। शिवश्री (Sivasri Skandaprasad) ने शास्त्र विश्वविद्यालय से बायोइंजीनियरिंग में स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने चेन्नई विश्वविद्यालय से भरतनाट्यम में एमए की डिग्री हासिल की। शिवश्री का अपना यूट्यूब चैनल भी है, जिसके दो लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 9 मार्च को बेंगलुरु के गायत्री विहार पैलेस ग्राउंड में रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां जारी हैं। इस कार्यक्रम में कई बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं।

तेजस्वी सूर्या भाजपा के तेजतर्रार नेताओं की फेहरिस्त में शुमार हैं, जो अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। वह कई बार अपने राजनीतिक विरोधियों को माकूल जवाब देते नजर आए हैं।

उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने राजनीतिक सफर का आगाज किया था। इसके बाद 2019 में बेंगलुरु दक्षिण से भारी मतों से विजयी हुए थे। वह सबसे कम उम्र में सांसद बनने वालों की सूची में शामिल हैं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या और गायिका शिवश्री स्कंदप्रसाद की शादी के बाद सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें खूब साझा की जा रही है। उनके चाहने वाले दोनों को बधाई दे रहे हैं। अलग-अलग यूजर्स अपने बधाई संदेश में अलग-अलग बातें लिख रहे हैं। एक यूजर ने दोनों को विवाह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप दोनों की जोड़ी सलामत रहे। ईश्वर से आपके सुखद जीवन की कामना करते हैं। आज से तेजस्वी अब वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर चुके हैं।