
मुंबई इंडियंस ने जीता WPL 2025 का खिताब, फाइनल में DC को हराया
DCW vs MIW Final : विमेंस प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 रन से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।
DCW vs MIW Final : विमंस प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल मुकाबला शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स विमंस और मुंबई इंडियंस विमंस के बीच (WPL Final 2025) खेला गया।। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 149 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 141 रन ही बना सकी। मुंबई ने 8 रन से इस मैच को अपने नाम किया।
मुंबई इंडियंस ने दूसरी बार जीता खिताब
मुंबई इंडियंस ने विमेंस प्रीमियर लीग का दूसरा खिताब जीत लिया है। इससे पहले 2023 में टीम ने दिल्ली को हराकर पहली ट्रॉफी जीती थी। लगातार तीसरे सीजन में फाइनल खेल रही दिल्ली का खिताब जीतने का सपना टूट गया।
एमआई ने बटोर लिए सारे इनाम भी
मुंबई इंडियंस को फाइनल जीतने पर ट्रॉफी तो मिली ही, जबकि मुंबई इंडियंस की नैट साइवर ब्रंट ही मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर यानी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गईं। इसके अलावा ऑरेंज कैप भी मुंबई की ही खिलाड़ी को मिला। नैट साइवर ब्रंट ने 523 रन इस सीजन बनाए और वे टॉप स्कोर रहीं। इसके अलावा पर्पल कैप पर अमेलिया कर का कब्जा रहा।
एमआई की इस गेंदबाज ने इस सीजन 8 मैचों में 18 विकेट मुंबई इंडियंस के लिए निकाले। वहीं, एमआई की ही युवा खिलाड़ी अमनजोत कौर को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का खिताब मिला।