
UP में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का चयन अब PCS की तर्ज पर… 536 पदों पर नियुक्तियों की डिमांड
UPPSC Recruitment: यूपी के राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के तरीके बदल सकते है. अब UP PCS परीक्षा की तर्ज पर तीन चरणों के बाद फाइनल सेलेक्शन होगा.
UPPSC Recruitment: असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती प्रक्रिया में बदलावों को प्रदेश सरकार की ओर से भी मंजूरी मिल गई है. इसके साथ ही उच्च शिक्षा निदेशालय ने असिस्टेंट प्रोफेसर के करीब 536 पदों पर भर्ती के लिए डिमांड भेजी है.
गौरतलब है कि अब तक असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर सीधी भर्ती के तहत चयन होता था. स्क्रीनिंग परीक्षा के अंक शामिल नहीं किए जाते थे. स्क्रीनिंग परीक्षा सिर्फ अभ्यर्थियों की छंटनी के लिए होती थी. इसके बाद केवल इंटरव्यू में प्राप्तांक के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन कर लिया जाता था.
इस पर काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था. पक्षपात के आरोप भी अभ्यर्थियों ने लगाए थे. सवाल भी उठते थे कि केवल 10 मिनट के इंटरव्यू के आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कैसे भर्ती की जाती है, जबकि अन्य छोटी परीक्षाओं में भी चयन के लिए प्री, मेंस और इंटरव्यू देना होता है. हालांकि कई विश्वविद्यालयों में भी अभी चयन का यही हाधार है. सीधे साक्षात्कार से ही चयन होता है.
लोक सेवा आयोग करेगा 536 पदों पर भर्ती: उच्च शिक्षा निदेशालय ने राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 536 पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को सिफारिश भेजी है. निदेशालय ने आयोग को दो चरणों में रिक्त पदों की अधियाचन(रिक्वायरमेंट) भेजी है. इसके आधार पर आयोग चयन करेगा.
चयन प्रक्रिया: नियमों में बदलाव के बाद अब भर्ती प्रक्रिया कुल तीन फेज में कंप्लीट होगी. प्री एग्जाम पास करने वाले उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में भाग लेंगे. मुख्य परीक्षा पास करने वाले साक्षात्कार देंगे और फिर फाइनल रिजल्ट आएगा. यानी अन्यार्थियों को प्री, मेंस और इंटरव्यू से गुजरना होगा. प्रारंभिक परीक्षा अभ्यर्थियों की छंटनी के लिए आयोजित की जाएगी और पदों की संख्या के मुकाबले 15 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया जाएगा. मेंस में अभ्यर्थी को अपने विषय की परीक्षा भी देनी होगी.
मुख्य परीक्षा के आधार पर पदों की संख्या के मुकाबले तीन गुना अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया जाएगा. मुख्य परीक्षा व इंटरव्यू में प्राप्तांक के आधार पर चयन की मेरिट तैयार की जाएगी. लोक सेवा आयोग ने शासन को प्रस्ताव भेजा था कि स्क्रीनिंग परीक्षा के 75 फीसदी अंक और इंटरव्यू के 25 फीसदी अंक जोड़कर मेरिट तैयार की जाए.
लेकिन, स्क्रीनिंग परीक्षा व इंटरव्यू के अंक जोड़कर चयन किए जाने से संबंधित नियमावली में गुप-ए (समूह-क) के पद शामिल नहीं हैं और असिस्टेंट प्रोफेसर का पद ग्रुप-ए का है. आयोग ने शासन को दूसरा प्रस्ताव भेजा. इस प्रस्ताव के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के माध्यम से कराई जाएगी. शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.





