
पत्नी ने पति का कराया डिमोशन; अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष को बनाया उपाध्यक्ष?
UP Politics: उत्तर प्रदेश की अपना दल (सोनेलाल) पार्टी ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए आशीष पटेल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है. राजनीति गलियारों में नयी चर्चा छिड़ गयी है.
UP Politics: बता दें अपना दल (सोनेलाल) पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने यह घोषणा की. पहले कार्यकारी अध्यक्ष रहे आशीष पटेल को हटाकर नई भूमिका दे दी है.
बता दें कि योगी सरकार में मंत्री आशीष पटेल भाजपा की केंद्र सरकार में मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति हैं. इस कदम को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
आशीष पटेल ने हाल ही में बीजेपी के साथ गठबंधन में तनाव की ओर इशारा किया था. उन्होंने बिना नाम लिए कहा था कि कुछ लोग 1700 करोड़ की साजिश रच रहे हैं और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवाने की कोशिश हो रही है.
उन्होंने गठबंधन को एकतरफा नहीं चलने की बात कही थी, जिससे बीजेपी के साथ रिश्तों में खटास की अटकलें तेज हो गई थीं. अपना दल के बागी गुट ने दो दिन पहले लखनऊ के प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता करके आशीष और अनुप्रिया पर गंभीर आरोप लगाए थे.
उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी के 11 विधायक उनके संपर्क में हैं और बहुत जल्द ही बड़ी तोड़फोड़ हो जाएगी. इसके बाद अपना दल सोनेलाल ने अपने संस्थापक सोनेलाल की जयंती मनाई थी. जिसमें अनुप्रिया पटेल ने दावा किया था कि सोनेलाल का कारवां कभी नहीं रुकेगा.
अनुप्रिया के बयान के बाद यह बदलाव बगावत को रोकने का एक कदम बताया जा रहा है. हाल ही में अपना दल का एक गुट अलग हो चुका है. इस गुट ने भी आरोप लगाया है कि आशीष अपनी मनमानी चला रहे हैं जिससे नाराजगी बढ़ रही है. इसके बाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल को यह निर्णय लेना पड़ा है.
अपना दल के राष्ट्रीय सचिव मुन्नर प्रजापति ने बताया कि माता बदल तिवारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आशीष पटेल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राकेश यादव को राष्ट्रीय सचिव, अलका पटेल को राष्ट्रीय सचिव, पप्पू माली को राष्ट्रीय सचिव, अमित पटेल को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और रेखा वर्मा को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर मनोनीत किया गया हैं.





