
Air India Flight: हवा में मचा हड़कंप! एयर इंडिया की फ्लाइट भटककर पहुंची पाकिस्तान
Air India Flight: दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-479 तकनीकी खराबी के कारण रास्ता भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में घुस गई। जानिए पूरी खबर।
Air India Flight: दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट (AI-479) में सोमवार रात तकनीकी खराबी आने के बाद हड़कंप मच गया। उड़ान के दौरान आई इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण विमान अपने निर्धारित रूट से भटक गया और कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र (Airspace) में दाखिल हो गया। हालांकि, पाकिस्तान एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से सूचना मिलने के बाद मुस्तैदी दिखाते हुए विमान को सुरक्षित भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस लाया गया।
हवा में चक्कर काटने के बाद बदला रूट
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना 22 जून की देर रात की है। एयरबस ए-321 विमान ने सोमवार रात करीब 9:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से अमृतसर के लिए उड़ान भरी थी। जब विमान अमृतसर एयरपोर्ट के नजदीक पहुंचा, तो तकनीकी खराबी के चलते वह लैंड नहीं कर सका। विमान ने आसमान में कई चक्कर (राउंड) काटे और इसी दौरान वह निर्धारित एयर कॉरिडोर से हटकर पाकिस्तानी सीमा में प्रवेश कर गया।
वापस दिल्ली किया गया डायवर्ट
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों देशों के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) विभागों के बीच तुरंत समन्वय स्थापित किया गया। विमान को अमृतसर में लैंड कराने के बजाय तुरंत वापस दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान की गहन तकनीकी जांच की गई।
आवश्यक सुधार और मंजूरी मिलने के बाद, विमान ने दिल्ली से दोबारा अमृतसर के लिए उड़ान भरी और तड़के सुरक्षित रूप से अमृतसर में लैंड किया। इस पूरी घटना पर फिलहाल एयर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।





