Cyclone ‘Arnab’ प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की Amit Shah करेंगे मदद

Amit Shah Delhi: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवात अर्नब के मद्देनजर आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की और आपदा के सामने लोगों की कठिनाइयों को कम करने के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “चक्रवात अर्नब के मद्देनजर आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की और उन्हें आपदा के सामने लोगों की कठिनाई को कम करने के लिए हर सहायता का आश्वासन दिया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें सक्रिय हो गई हैं और युद्धस्तर पर बचाव और राहत अभियान जारी रखे हुए हैं।

 

प्रभाव का आकलन करने और आगे की सहायता के लिए आईएमसीटी को जल्द ही भेजा जाएगा। भारत सरकार दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ लोगों के साथ खड़ी है।” इससे पहले 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की थी और उन्हें राज्य में चक्रवात अर्नब से हुए व्यापक नुकसान के बारे में जानकारी दी थी।
सीएम नायडू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को आंध्र प्रदेश में चक्रवात के असर के बारे में जानकारी दी है।

 

चक्रवात प्रभावित जिलों में हो रही भारी बारिश, वहां के मौजूदा हालात और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्यों के बारे में भी अवगत कराया।  व्यापक नुकसान को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से अनुरोध किया है कि वे जल्द से जल्द केंद्रीय टीमों को भेजें ताकि नुकसान का आकलन किया जा सके और भारत सरकार की ओर से राहत, पुनर्वास और बहाली के प्रयासों के लिए वित्तीय सहायता मिल सके। इससे पहले भी मुख्यमंत्री नायडू ने अमित शाह को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि चक्रवात से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए जल्द से जल्द एक केंद्रीय टीम भेजी जाए।

 

 

Back to top button