CJP के बाद अब आई ‘इश्क करो पार्टी’, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज का बड़ा ऐलान

Ishq Karo Party Markandey Katju: सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू ने सोशल मीडिया पर ‘इश्क करो पार्टी’ (IKP) नाम से एक नया डिजिटल इनिशिएटिव शुरू किया है।

सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी‘ (CJP) की चर्चाएं अभी थमी भी नहीं थीं कि अब इंटरनेट पर एक और नई पार्टी की एंट्री हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू (Markandey Katju) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर ‘इश्क करो पार्टी’ (Ishq Karo Party – IKP) नाम से एक नए डिजिटल इनिशिएटिव (डिजिटल पहल) की शुरुआत की है।

जस्टिस काटजू ने न सिर्फ इस अनोखे नाम वाली पार्टी का ऐलान किया, बल्कि देश के युवाओं से इससे जुड़ने की अपील भी की है। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर छाए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फाउंडर अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) पर भी तीखा हमला बोला है।

वैलेंटाइन डे का कोई मजाक नहीं

जस्टिस मार्कण्डेय काटजू ने स्पष्ट किया कि जो लोग इस पहल को कोई मजाक समझ रहे हैं, वे बहुत बड़ी गलतफहमी में हैं। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा:

“कुछ लोगों को लग सकता है कि नई बनाई गई ‘इश्क करो पार्टी’ कोई मजाक है या फिर यह केवल लड़के-लड़कियों के बीच प्रेम संबंधों को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई कोई ‘वैलेंटाइन डे’ जैसी पहल है। लेकिन यह पूरी तरह गलत धारणा है।”

काटजू के मुताबिक, यह मंच देश की गंभीर समस्याओं जैसे भारी गरीबी, व्यापक बेरोजगारी, बच्चों में कुपोषण, स्वास्थ्य व शिक्षा की बदहाली और सांप्रदायिक तनाव से निपटने का एक गंभीर प्रयास है। उनका मानना है कि इन समस्याओं का हल तब तक संभव नहीं है जब तक देशवासी जाति और धर्म के भेदभाव को भुलाकर आपस में ‘इश्क’ यानी प्रेम न करें।

पार्टी से जुड़ने के लिए जारी की ईमेल आईडी

इस नई डिजिटल पहल के संरक्षक (Patron) खुद जस्टिस काटजू हैं। उन्होंने देश के युवाओं को इस मुहिम का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करते हुए एक आधिकारिक ईमेल आईडी ishqkaroparty@gmail.com भी जारी की है। उन्होंने कहा कि इस पार्टी का मूल लक्ष्य आधुनिक सोच वाले नेतृत्व के मार्गदर्शन में एक शक्तिशाली जनसंघर्ष खड़ा करना है।

अभिजीत दीपके को बताया ‘मूर्ख’

अपनी पोस्ट की श्रृंखला में पूर्व जज काटजू ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर अभिजीत दीपके द्वारा देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग किए जाने पर काटजू ने कहा-

“अभिजीत दीपके मूर्ख हैं, इसका प्रमाण उनकी प्रमुख मांगों में से एक से ही मिल जाता है। वह शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। लेकिन अगर धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दे भी दें, तो उनकी जगह कोई दूसरा मंत्री आ जाएगा। ऐसे में इससे आखिर क्या फर्क पड़ेगा?”

गौरतलब है कि अभिजीत दीपके ने परीक्षाओं में हुई धांधली के विरोध में हाल ही में 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़ा प्रदर्शन किया था, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया था। अभिजीत ने सरकार को आगे भी आंदोलन की चेतावनी दी है।

Back to top button