नई पार्टी बनाकर चुनावी मैदान में उतरेंगे अन्नामलाई, BJP से तोड़ा नाता…

Tamil Nadu News: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने शुक्रवार को बीजेपी से इस्तीफा दे दिया। पार्टी नेतृत्व ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। इस्तीफे के बाद अन्नामलाई ने नई राजनीतिक पार्टी और जन आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी नई पार्टी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में भी हिस्सा लेगी।

बीजेपी से अलग होने के बाद अन्नामलाई का पहला बयान काफी चर्चा में है। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह तय करना मुश्किल हो गया था कि वे “बीजेपी के आदमी” हैं या “तमिल”। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने 4 दिसंबर 2025 को ही पार्टी नेतृत्व को अपने फैसले की जानकारी दे दी थी, लेकिन उनसे चुनाव समाप्त होने तक इंतजार करने को कहा गया था।

“तमिल पहचान से समझौता नहीं कर सकता”
अन्नामलाई ने कहा कि तमिलनाडु की राजनीति और जनता की भावनाओं को समझते हुए उन्हें महसूस हुआ कि उन्हें एक अलग रास्ता अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं अपनी तमिल पहचान और राज्य के हितों से समझौता नहीं कर सकता। राजनीति सिर्फ पार्टी लाइन पर चलने का नाम नहीं है, बल्कि लोगों की भावनाओं और संस्कृति का प्रतिनिधित्व भी जरूरी है।”

उन्होंने संकेत दिए कि उनकी नई पार्टी तमिलनाडु के क्षेत्रीय मुद्दों, भाषा, संस्कृति और युवाओं के सवालों को केंद्र में रखकर राजनीति करेगी।

बीजेपी के लिए बड़ा झटका
अन्नामलाई को तमिलनाडु बीजेपी का सबसे आक्रामक और लोकप्रिय चेहरा माना जाता था। पूर्व आईपीएस अधिकारी रहे अन्नामलाई ने कम समय में राज्य की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके नेतृत्व में बीजेपी ने राज्य में संगठन विस्तार की कोशिश की और कई मुद्दों पर डीएमके सरकार को घेरने का प्रयास किया।

हालांकि पिछले कुछ समय से पार्टी के भीतर उनके रुख और बयानबाजी को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अन्नामलाई का जाना तमिलनाडु बीजेपी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है, खासकर ऐसे समय में जब पार्टी दक्षिण भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें…

कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन तय! सिद्धारमैया आज छोड़ेंगे CM पद… रखी ये शर्तें

नई पार्टी के जरिए तीसरे विकल्प की तैयारी
अन्नामलाई ने कहा कि उनका आंदोलन सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक बदलाव का अभियान होगा। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु की जनता अब पारंपरिक राजनीति से अलग विकल्प चाहती है।

सूत्रों के मुताबिक अन्नामलाई जल्द ही अपनी पार्टी के नाम, संगठन संरचना और एजेंडे की घोषणा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि उनकी नई पार्टी राज्य में डीएमके और एआईएडीएमके के बीच तीसरे विकल्प के तौर पर खुद को स्थापित करने की कोशिश करेगी।

यह भी पढ़ें…

CM Siddaramaiah के इस्तीफे की चर्चा से Karnataka Politics गरमाई

विपक्षी दलों की नजरें टिकीं
अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद तमिलनाडु की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों और राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब इस बात पर है कि उनकी नई पार्टी कितनी तेजी से जनसमर्थन जुटा पाती है। आने वाले विधानसभा चुनाव में उनका कदम राज्य की राजनीति का समीकरण बदल सकता है।

यह भी पढ़ें…

Odisha के कालाहांडी में मातम, सेप्टिक टैंक बना मौत का कुंआ… गई कई जानें

Back to top button