मोदी सरकार के लिए किसान खालिस्तानी और पूंजीपति सबसे अच्छे दोस्त: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कृषि कानून के खिलाफ किसान आंदोलन के चलते विपक्ष लगातार केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साध रहा है। अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया है।

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार की नजर में आंदोलन कर रहे किसान खालिस्तानी हैं और पूंजीपति उनके सबसे अच्छे दोस्त हैं।

राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ”मोदी सरकार के लिए विरोध करने वाले छात्र राष्ट्र विरोधी हैं, चिंतित नागरिक अर्बन नक्सल हैं, प्रवासी मजदूर कोरोना फैलाने वाले हैं, बलात्कार पीड़िता कोई नहीं है और आंदोलनकारी किसान खालिस्तानी हैं। वहीं पूंजीपति उनके सबसे अच्छे दोस्त हैं।”

गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली से सटे सभी बॉर्डर पर पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों के किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।

किसान संगठन पिछले करीब तीन सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे हैं। वे इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। सरकार के साथ किसान संगठनों की कई दौर की बातचीत बेनतीजा रही है।

केन्द्र सरकार जहां तीनों कृषि कानूनों को कृषि क्षेत्र में बड़े सुधार के तौर पर पेश कर रही है, वहीं प्रदर्शनकारी किसानों ने आशंका जताई है कि नए कानूनों से एमएसपी और मंडी व्यवस्था खत्म हो जाएगी और वे बड़े कॉरपोरेट पर निर्भर हो जाएंगे।

Leave a Reply

Back to top button