पीजीआई में भर्ती मिल्खा सिंह से पीएम मोदी ने की बात, की जल्द स्वस्थ होने की कामना

Milkha Singh admitted in PGI Chandigarh

चंडीगढ़। फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह को तबीयत खराब होने के कारण गुरुवार को उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआई में भर्ती करवाया गया था। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बात की और उनकी तबीयत के बारे में जाना।

प्रधानमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उम्मीद जताई कि वे ठीक होकर टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएंगे। 

कोरोना संक्रमण की चपेट में आए पद्मश्री मिल्खा सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गुरुवार को पीजीआई में भर्ती कराना पड़ा।

उन्हें कोविड अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है। फिलहाल हालत स्थिर है। सुबह से ही मिल्खा सिंह को बुखार के साथ बेचैनी महसूस हो रही थी। 

दोपहर में घबराहट भी बढ़ गई, शरीर में कंपकंपी महसूस होने पर उन्होंने परिजनों से अस्पताल ले चलने को कहा।

दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया। मिल्खा सिंह की 19 मई को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद 24 मई को उन्हें मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

यहां उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। 30 मई को परिवार के अनुरोध पर मिल्खा सिंह को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी और घर पर ही इलाज चल रहा था।  

टीकाकरण नहीं करवाया

91 वर्षीय मिल्खा सिंह ने अभी तक कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण भी नहीं कराया है। उनकी पत्नी 85 वर्षीय निर्मल मिल्खा सिंह ने भी टीका नहीं लगवाया है।

बीते शनिवार को यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान संजय टंडन ने भी फोन कर मिल्खा सिंह का हालचाल जानने के बाद कोरोना टीका लगवाने को कहा था। 

Back to top button