स्वास्थ्य मंत्री पर बरसीं मनमोहन सिंह की बेटी, बोलीं-मेरे पिता चिड़ियाघर के जानवर नहीं

Former PM Manmohan Singh

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बेटी दमन सिंह ने एम्स में भर्ती अपने पिता से मिलने आए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया की आलोचना करते हुए कहा है कि स्वास्थ्य मंत्री मेरी मां की इच्छा के विपरीत मेरे पिता के कमरे में फोटोग्राफर को लेकर गए।

उन्होंने कहा, मेरी मां ने कई बार फोटोग्राफर को कमरे से बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई। दरअसल, मंडाविया बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री का हाल-चाल जानने एम्स गए थे।

उनके साथ एक फोटोग्राफर और एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया भी थे। फोटोग्राफर ने पूर्व प्रधानमंत्री के कमरे में मंडाविया और गुलेरिया तथा डॉ मनमोहन सिंह की तस्वीरें ली।

दमन सिंह का कहना है कि उनकी मां फोटोग्राफर द्वारा डॉ सिंह की तस्वीरें लिए जाने से नाराज थीं। दमन सिंह ने कहा, मेरी मां बहुत नाराज हैं। मेरे माता-पिता कठिन स्थिति का सामना कर रहे हैं। वे बुजुर्ग व्यक्ति हैं, किसी चिड़ियाघर के जानवर नहीं हैं।

दमन सिंह के आरोप के बाद कांग्रेस पार्टी ने भी इस मुद्दे को उठाया। कांग्रेस ने मंडाविया की इस बात के लिए आलोचना की है कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के मौके को फोटो खिंचाने के अवसर में बदल दिया। पार्टी ने मंडाविया से माफी मांगने के लिए कहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा वालों के लिए हर चीज फोटो खिंचवाने का अवसर है। स्वास्थ्य मंत्री को अपनी इस शिष्टाचार यात्रा को पीआर का अवसर में बदलने पर शर्म आनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ये पूर्व प्रधानमंत्री की निजता का हनन और स्थापित परंपराओं का अपमान है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि फोटोग्राफी मोदी सरकार का हॉलमार्क बन गया है।

Back to top button