
GYM की आड़ में यौन शोषण और धर्म परिवर्तन का खेल; पुलिस का एक्शन…
UP news: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर शहर में जिम चलाने वाले युवक और उसके तीन साथियों को धर्म परिवर्तन कराने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. दो पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने 4 टीमें बनाकर मामले की पड़ताल की.
बता दें कि जांच में यौन शोषण और धर्म परिवर्तन से जुड़े चौंकाने वाले तथ्य सामने आने पर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है. कुल 4 जिम को सील कर दिया गया. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के महुवरिया स्थित केजीएन जिम का है. दो अलग- अलग युवतियों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि जिम संचालक और उसके साथी पहले दोस्ती करते हैं. यौन शोषण करते हैं, फिर धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाते हैं.
उन्होंने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए देहात कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया. क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में एसओजी सहित थाना कटरा, नगर और देहात कोतवाली की 4 टीमों का गठन किया गया.
20 जनवरी को मोहम्मद शेख अली निवासी नटवां मिल्लत नगर, थाना कटरा, मिर्जापुर और फैजल खान निवासी गोसाई तालाब, नियर मस्जिद थाना शहर कोतवाली मिर्जापुर को गिरफ्तार किया गया है.
इनसे मिले मोबाइल और अन्य डिजिटल एविडेंस के आधार पर दो अन्य अभियुक्तों जहीर और सादाब को भी गिरफ्तार किया गया है. विवेचना के दौरान यह भी पता चला कि अभियुक्त जहीर केजीएन-1 जिम का मालिक है.
इसके अलावा केजीएन-2, केजीएन-3 और आयरन फायर नाम के जिम से भी यह लोग लगातार जुडे रहे हैं. पीड़ित युवतियां पहले केजीएन जिम में जाया करती थीं. पुलिस ने साक्ष्य संकलन के आधार पर इन सभी जिमों को भी सील करा दिया है, ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सके.
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है.





