
प्रधानमंत्री मोदी देगें कानपुर को मेट्रो की सौगात; मिलेगा सुरंग वाले सफर का रोमांच…
Kanpur Metro: यूपी के कानपुर शहर में रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कानपुर में 5 नए अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन का शुभारंभ करेंगे.
Kanpur Metro: शुभारंभ के अगले दिन यानी 31 मई से इन स्टेशनों से मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा. 31 मई से ही यात्री आईआईटी कानपुर से लेकर कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो से सफर करना शुरू कर देंगे. यह कानपुर वासियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है.
यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि मोतीझील तक जहां मेट्रो अप ट्रैक पर होगी, वहीं बृजेंद्र स्वरूप पार्क के समीप रैंप से गुजरते हुए मेट्रो सबसे पहले चुन्नीगंज स्थित अंडरग्राऊंड स्टेशन पर पहुंचेगी. यहां से यात्री मेट्रो के साथ सुरंग वाले सफर का आनंद ले सकेंगे. संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क विभाग पंचानन मिश्रा ने बताया कि हमारी सारी तैयारियां पूरी हैं. मौजूदा समय में आईआईटी से मोतीझील तक सात मेट्रो का संचालन जारी है. इन्हें जल्द ही बढ़ाया जाएगा. कुल 27 मेट्रो ट्रेन कानपुर में मौजूद हैं.
मेट्रो की खूबियां: अगर मेट्रो के अंदर कार्बन डाईआक्साइड की मात्रा अधिक होगी, तो एसी ऑटोमैटिक ऑन हो जाएगा. मेट्रो स्टेशन से लेकर ट्रेन तक सीसीटीवी की निगरानी रहेगी. एक ट्रेन में एक साथ 974 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है, जबकि 65 से 70 लोग बैठकर सफर कर सकते हैं. हर 14 से 16 मिनट में कानपुर सेंट्रल पर मेट्रो ट्रेन मिल जाएगी.
कानपुर सेंट्रल तक पहुंचने में लगेंगे 25 मिनट: पंचानन मिश्रा ने बताया कि आईआईटी कानपुर से कानपुर सेंट्रल तक पहुंचने में कुल 25 से 27 मिनट अभी लग रहे हैं. मेट्रो के संचालन के दौरान स्पीड को 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रखा जाएगा. उन्होंने बताया टिकट सिस्टम में अब कानपुर सेंट्रल तक सभी स्टेशन के नाम और रेट फीड कर दिए गए हैं.





