व्यक्तिगत हमले और विषैली राजनीति देशहित में नहीं:Mayawati

Modi Mayawati BSP Congress Mallikarjun Kharge Lucknow: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर प्रतिक्रिया दी है। बसपा प्रमुख ने बिना नाम लिए कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में आपसी अविश्वास, द्वेष, कटुता और आरोप-प्रत्यारोप का स्तर अब व्यक्तिगत स्तर पर भी काफी बेलगाम हो गया है।

उन्होंने कहा कि इससे देश की गरिमा और मान-मर्यादा पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। पूर्व सीएम मायावती ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”भारतीय राजनीति में आपसी अविश्वास, द्वेष, कटुता और आरोप-प्रत्यारोप का स्तर अब व्यक्तिगत स्तर पर भी काफी बेलगाम हो गया है। यह असंसदीय, अमर्यादित, अपमानजनक, संकीर्ण और जातिवाद से ग्रसित होते हुए हिंसक बयानबाजी तक पहुंच रहा है, जो अति-दुखद और देश की गरिमा व मान-मर्यादा के लिए चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि शीर्ष स्तर पर आसीन लोगों के बीच यदि एक-दूसरे के लिए समुचित सम्मान नहीं है, तो कम से कम आपत्तिजनक और विषैली राजनीति को किसी भी प्रकार से बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। बसपा प्रमुख मायावती के मुताबिक, बढ़ती संकीर्ण और गरीब-विरोधी स्वार्थी राजनीति के कारण लोगों का भरोसा राजनीतिक व्यवस्था पर कमजोर होना देश और जनहित में नहीं होगा। बसपा प्रमुख ने सरकारी स्तर पर व्यापक भ्रष्टाचार और चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि इन कारणों से जनता पहले से ही बेचैन है। ऐसे में नेताओं के बीच नाक की आपसी लड़ाई स्थिति को और अधिक विषम बना रही है जबकि जनता चाहती है कि देश में बढ़ती गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई जैसी ज्वलंत समस्याओं के समाधान पर सभी का ध्यान केंद्रित हो।

Back to top button