Sawan 2026: सावन में ज्योतिर्लिंग बाबा सोमनाथ के दर्शन होंगे सुगम, प्रयागराज से चलेगी स्पेशल ट्रेन

सावन के पावन महीने में प्रयागराज से वेरावल के बीच स्पेशल ट्रेन (04173/04174) चलाई जा रही है। इससे प्रथम ज्योतिर्लिंग बाबा सोमनाथ, द्वारका और अजमेर शरीफ की यात्रा आसान होगी।

Sawan 2026: सावन के पवित्र महीने में प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ (गुजरात) के दर्शन का मन बना रहे श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे की ओर से बड़ी खुशखबरी आई है। उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने प्रयागराज जंक्शन से वेरावल के बीच प्रयागराज-वेरावल-प्रयागराज सावन विशेष ट्रेन (गाड़ी संख्या 04173/04174) चलाने का फैसला किया है।

इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से प्रयागराज और उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के श्रद्धालुओं को बाबा सोमनाथ धाम, द्वारकाधीश मंदिर, अजमेर शरीफ और माउंट आबू तक की सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

ट्रेन की समय-सारणी और कब से कब तक चलेगी?

यह सावन स्पेशल ट्रेन 6 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक दोनों दिशाओं से कुल 8-8 फेरे लगाएगी। 

यह ट्रेन 6 अगस्त से 24 सितंबर के बीच प्रत्येक गुरुवार को प्रयागराज जंक्शन से सुबह 10:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन (शुक्रवार) शाम 6:15 बजे वेरावल पहुंचेगी।

वापसी में यह ट्रेन 7 अगस्त से 25 सितंबर के बीच प्रत्येक शुक्रवार को वेरावल से रात 10:00 बजे प्रस्थान करेगी और रविवार सुबह 05:50 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी।

कोच कंपोजिशन और प्रमुख स्टॉपेज

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के अनुसार, इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें 10 स्लीपर, 7 सामान्य (जनरल), 1 थर्ड एसी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं।

किन-किन मुख्य स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?

यह स्पेशल ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी (कानपुर), इटावा जंक्शन, टूंडला, ईदगाह आगरा, भरतपुर, बांदीकुई, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर जंक्शन, ब्यावर, मारवाड़, आबू रोड, पालनपुर, मेहासाना, राजकोट और जूनागढ़ होते हुए वेरावल पहुंचेगी।

Back to top button