UP News: गोरखपुर में मनचले की गुंडागर्दी! छात्रा का पीछा कर…

Gorakhpur News: कोचिंग जा रही छात्रा से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी शुभम ने छात्रा का हाथ पकड़कर गली में खींचने का प्रयास किया था.

Gorakhpur News: गोरखपुर में कोचिंग जा रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. वीडियो में एक युवक को देखा गया है जो छात्रा का हाथ पकड़कर उसे गली में खींचने की कोशिश कर रहा है. दूसरी छात्रा कुछ दूरी से डर के मारे खड़ी है. हालाँकि, पीड़ित छात्रा ने साहस दिखाते हुए आरोपी युवक का हाथ छुड़ाया और सुरक्षित वहां से भागने में सफल रही। स्थानीय पुलिस ने इस गंभीर घटना को लेकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

लड़कियों का पीछा करते हुए देखा गया आरोपी

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां कोचिंग जा रहीं दो छात्राओं को एक युवक ने रास्ते में परेशान करने की कोशिश की। यह घटना 16 जनवरी शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। वीडियो फुटेज में साफ नजर आता है कि एक युवक पीछे-पीछे चलते हुए छात्राओं का पीछा करता है। कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद वह अचानक एक छात्रा का हाथ पकड़कर उसे जबरन गली के भीतर खींचने का प्रयास करता है। दूसरी छात्रा डर के मारे कुछ दूरी पर ठिठक जाती है। हालांकि, पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए युवक का हाथ झटक दिया और वहां से भाग निकली।

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एंटी रोमियो टीम का गठन किया गया। गांव के प्रधान समेत कई लोगों से पूछताछ और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी की सार्वजनिक तौर पर फटकार भी लगाई गई, जिसका वीडियो सामने आया है।

सड़क पर दबंगई दिखाने वाला आरोपी पुलिस की पकड़ में आते ही पूरी तरह टूट गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए गिड़गिड़ा रहा है। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम शुभम बताया। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसी हरकत न करने का भरोसा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीएम योगी ने कहा- बेटियों के साथ बदतमीजी बर्दाश्त नहीं

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त चेतावनियों के बावजूद मनचले बेखौफ होकर बहन-बेटियों को निशाना बना रहे हैं। सीएम योगी कई मंचों से साफ कह चुके हैं कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि जमीनी स्तर पर निगरानी और सख्ती को और मजबूत करने की जरूरत है।

सोशल मीडिया पर वायरल है वीडियो

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। यूजर्स ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस की तत्परता की सराहना भी की।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button