CMS के बिगड़े बोल, कहा -“अर्थी निकालनी है तो सीएम योगी की निकालो…”

UP News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी को लेकर विवादित बयान देना यूपी के सुल्तानपुर जिले के बिरसिंहपुर संयुक्त अस्पताल के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. भास्कर प्रसाद को भारी पड़ गया. शासन ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) IAS अमित कुमार घोष ने डॉ. भास्कर के वायरल वीडियो को गंभीर आचरण मानते हुए यह कदम उठाया है. वीडियो में डॉ. भास्कर आम आदमी पार्टी के धरना-प्रदर्शन में “अर्थी निकालनी है तो सरकार की और मुख्यमंत्री योगी की निकालो” जैसे शब्द कहते हुए दिखाई दे रहे थे.

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा का विषय बना हुआ है. सरकारी पद पर रहते हुए कोई अधिकारी इस तरह का राजनीतिक बयान देता है तो यह सेवा नियमों का उल्लंघन माना जाता है.

दरअसल, आम आदमी पार्टी के लोग बिरसिंहपुर संयुक्त अस्पताल की जर्जर स्थिति और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान डॉ. भास्कर ने सीएम योगी और सरकार को लेकर बयान देकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी.

विवाद बढ़ने के बाद शासन ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और सख्त कार्रवाई करते हुए डॉ. भास्कर को तत्काल निलंबित कर दिया. इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. वहीं जिले के अन्य अस्पतालों के प्रभारी भी सतर्क हो गए हैं.

मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) की ओर से जारी आदेश के तहत निलंबन अवधि में डॉ. भास्कर का मुख्यालय सुल्तानपुर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को बनाया गया है. साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं.

Back to top button