स्वामी चक्रपाणि ने की गुरमीत राम रहीम व आसाराम को रिहा करने की मांग

नई दिल्ली। हिंदू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने हिंसा फैलाने के आरोपी गुरमीत राम रहीम सिंह इंसा और रेप के आरोप में सजायाफ्ता आसाराम को जेल से रिहा करने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है।

पत्र में कोरोना के संक्रमण का हवाला दिया गया है। बताया जा रहा है कि हरियाणा सरकार इस पर विचार भी कर रही है। गृह मंत्रालय ने इस पत्र को हरियाणा सरकार को फॉरवर्ड कर दिया है।

बता दें कि राम रहीम पर हिंसा फैलाने समेत कई गंभीर आरोप हैं। इतना ही नहीं स्वामी ने रेप मामले में सजा पा चुके आसाराम को भी रिहा करने के लिए भी पत्र लिखा है।

बता दें कि बलात्कार का दोषी डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम हाल ही में 24 घंटे के सीक्रेट पैरोल पर जेल से बाहर आया था।

बेहद ही गुप्त तरीके से राम रहीम को पैरोल दिया गया था। इसकी जानकारी महज 4 लोगों को दी गई थी। गुरमीत राम रहीम को ये पैरोल 24 अक्टूबर को दी गई थी।

राम रहीम को रोहतक के सुनारिया जेल में रखा गया है। हरियाणा पुलिस ने तीन कंपनियों की सुरक्षा में गोपनीय तरीके से राम रहीम को बाहर निकाला था। बता दें कि मेदांता अस्पताल में राम रहीम अपनी मां से मिलने के लिए आया था।

आसाराम को भी रिहा करने की मांग

चक्रपाणि महाराज ने पत्र में जेल में बंद आसाराम को भी रिहा करने की मांग की है। बता दें, साल 2013 में नाबालिग लड़की ने आश्रम में आसाराम पर रेप का आरोप लगाया था।

31 अगस्त 2013 को आसाराम को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया गया था। आसाराम पर पॉक्सो जुवेनाइनल जस्टिस एक्ट, रेप, आपराधिक षडयंत्र और दूसरे कई मामलों के तहत केस दर्ज है।

साल 2014 में सुप्रीम कोर्ट में आसाराम ने जमानत याचिका लगाई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। अप्रैल 2018 में जोधपुर स्पेशल कोर्ट ने आसाराम को नाबालिग लड़की के साथ रेप का दोषी पाया था।

कोर्ट ने आसाराम को पॉक्सो एक्ट के तहत आजीवन कारावास और 1 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई थी।

Back to top button