उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, बारिश व बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

snow falling

नई दिल्‍ली। उत्‍तर भारत के राज्‍यों में कड़ाके की ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड काफी बढ़ी है।

राजधानी दिल्‍ली में शुक्रवार रात से हो रही बारिश के बाद दिल्‍ली एनसीआर का तापमान नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने यहां के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

जम्‍मू-कश्मीर में हुई ताजा बर्फबारी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम खराब होने से श्रीनगर हवाई अड्डे से विमानों की उड़ान को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

जम्‍मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार बारिश और बर्फबारी और राजमार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर पथराव के कारण तीसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है।

बर्फबारी का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। बारामुला-बनिहाल सेक्शन के बीच चलने वाली ट्रेनों को आज रद कर दिया है। जम्‍मू में माता वैष्‍णो देवी पर भी बर्फबारी हो रही है।

हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर बर्फबारी होने से शिमला में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। सैलानी इसका जमकर लुत्‍फ उठा रहे हैं। जाखू मंदिर समेत शिमला रिज व माल रोड पर ताजा हिमपात हुआ है।

नारकंड और कुफरी में बर्फबारी से सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ है और जरूरी सामान की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने आठ से 10 जनवरी तक ऊपरी क्षेत्रों में भारी हिमपात की संभावना जताई है। प्रशासन ने चेतावनी जारी की है।

उत्तराखंड में केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। कुछ इलाकों में दो दिन धूप से राहत मिलने के बाद बारिश भी हो रही है।

मौसम विभाग का कहना है कि यहां के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली कड़कने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Back to top button