
Lucknow News: पुलिस ने काटा लाइनमैन का चालान, बिजली विभाग ने काट दी थाने की बत्ती
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से पुलिस और बिजली विभाग के बीच “जैसे को तैसा” (Tit-For-Tat) का अनोखा और दिलचस्प मामला सामने आया है। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने जब बिजली विभाग के एक लाइनमैन की बाइक का चालान काट दिया, तो इससे नाराज लाइनमैन और बिजली कर्मियों ने थाने और कई पुलिस चौकियों की बिजली आपूर्ति ही ठप कर दी।
अचानक थाने और चौकियों की लाइट कट जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिसकर्मी घंटों अंधेरे में काम करने को मजबूर रहे।
चेकिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ में यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस टीम द्वारा सड़क पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक लाइनमैन काम के सिलसिले में गुजर रहा था। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर बाइक के कागजात और हेलमेट को लेकर पूछताछ की। लाइनमैन ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए ड्यूटी पर जाने का हवाला दिया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने नियम उल्लंघन का हवाला देते हुए उसकी मोटरसाइकिल का चालान काट दिया।
गुस्से में लाइनमैन ने खोला मोर्चा
चालान कटने से आक्रोशित लाइनमैन ने तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बिजली विभाग की टीम ने संबंधित थाने और अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकियों के बकाया बिलों की जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि थाने और कई चौकियों पर लंबे समय से बिजली का बकाया बिल जमा नहीं किया गया था। लाइनमैन ने बिना देर किए खंभे पर चढ़कर सीधे थाने और पुलिस चौकियों को जाने वाली बिजली सप्लाई की केबल काट दी।
ये भी पढ़े- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नई SIT की एंट्री, जांच में CA भी होंगे शामिल…
घंटों अंधेरे में रहा थाना
बिजली कटते ही थाने में लगे पंखे, कंप्यूटर और लाइटें बंद हो गईं। भीषण गर्मी और अंधेरे के कारण पुलिसकर्मियों का बुरा हाल हो गया और मुकदमों से जुड़े ऑनलाइन काम ठप पड़ गए।
जब पुलिस अधिकारियों को समझ आया कि मामला चालान से जुड़ा हुआ है, तो विभाग के उच्च अधिकारियों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप और बकाये के भुगतान व समन्वय के आश्वासन के बाद आखिरकार कई घंटों बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।
ये भी पढ़े- लखनऊ पुलिस कमिश्नर कौन बनेगा? एक फैसले पर अटकी पूरी IPS ट्रांसफर लिस्ट…





