दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर वाली भीषण ठंड, जारी किया गया यलो अलर्ट

नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी ने दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत के मौसम का मिजाज बदल दिया है। शुक्रवार सुबह से दिल्ली-एनसीआर में भीषण ठंड के चलते जगह-जगह आग जलाने और हाथ सेकने का नजारा आम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे दिल्ली में शीतलहर की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और हल्का कोहरा रहेगा। दिल्ली के मौसम केंद्रों ने शुक्रवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: 7 डिग्री सेल्सियस और 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
आईएमडी ने 3 जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत में शीत लहर से लेकर गंभीर शीत लहर की स्थिति की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, सर्द हवाओं के चलते अगले तीन दिनों तक दिल्ली में सर्दी इसी तरह जारी रहेगी।
इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसाआर में अगले दो दिनों के दौरान यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही लोगों को बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिशा से चल रही हवा अब उत्तर-पश्चिम हो गई है, जिससे मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाओं का दौर शुरू हो गया है। इस वजह से पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मप्र के इलाकों में शीतलहर शुरू होगी।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में बढ़त देखने को मिलेगी। पहाड़ों पर एक से तीन जनवरी तक बर्फबारी की उम्मीद है। चार से सात जनवरी तक भारी बर्फबारी के साथ उत्तर भारत के क्षेत्रों में बारिश का अनुमान है। जिसका असर शहर के तापमान पर पड़ेगा।
