अहम फेरबदल: कैबिनेट कमिटियों में शामिल हुए स्मृति, भूपेंद्र, सोनोवाल और मांडविया समेत ये मंत्री

Bhupendra Yadav, Sarbananda Sonowal and Smriti Irani

नई दिल्ली। केंद्रीय कैबिनेट में बदलाव के बाद अब सरकार ने सशक्त कैबिनेट कमिटियों का भी पुनर्गठन किया है। इस बदलाव की जानकारी कैबिनेट सचिवालाय की ओर से सोमवार रात को जारी किए गए नोटिफिकेशन में दी गई है।

नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किए जाने के बाद इन्हें कैबिनेट कमिटी में भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत नए केंद्रीय मंत्रियों को अलग अलग कैबिनेट कमिटियों में रखा गया है।

राजनीतिक मामलों के कैबिनेट कमिटी (CCPA) में स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, पर्यावरण और श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सर्बानंद सोनोवाल, ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी को शामिल किया गया है। इसकी कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास है।

इसके अलावा संसदीय मामलों की कैबिनेट कमिटी में भी बदलाव किए गए हैं और अर्जुन मुंडा, किरण रिजिजू, अनुराग ठाकुर के साथ वीरेंद्र कुमार को शामिल किया गया है।

इस कमिटी की अध्यक्षता केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। उल्लेखनीय है कि रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर को कैबिनेट से बाहर कर दिए गए और यह नया बदलाव किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी की ही अगुवाई वाले रोजगार व कुशलता विकास पर कैबिनेट कमिटी में शामिल किए गए केंद्रीय मंत्रियों में अश्विनी वैष्णव, भूपेंद्र यादव, रामचंद्र प्रसाद सिंह और जी किशन रेड्डी हैं।

वहीं देश के सबसे महत्वपूर्ण व अग्रिम निर्णायक मंडल जो सुरक्षा मामलों को देखती है उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सुरक्षा मामलों पर कैबिनेट कमिटी के सदस्यों में प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री, गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल हैं।

Leave a Reply

Back to top button