
बब्बर शेर की मौत के बाद चिड़ियाघर में हड़कंप, मंडराया बर्ड फ्लू का खतरा…
Bird Flu Alert in UP: उत्तर प्रदेश के कानपुर चिड़ियाघर में रहने वाले हजार से अधिक पशु- पक्षियों में बर्ड फ्लू फैलने का खतरा मंडराने लगा है. शासन की तरफ से अलर्ट जारी कर दिया गया है.
Bird Flu Alert in UP: कानपुर जू में बुधवार को गोरखपुर से इलाज के लिए आये बब्बर शेर पटौदी की मौत हो गई थी. गुरुवार शाम को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान से मिली पटौदी की रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी.
रिपोर्ट मिलने के बाद से ही जू प्रबंधन अलर्ट पर है. चिकित्सकों, कीपर व कर्मियों को पहले ही आइसोलेट किया जा चुका है. जबकि लगातार जो अन्य वन्य जीव है उनके सैंपल अब इकट्ठा किए जा रहे हैं.
सबसे ज्यादा खतरा 2 लेपर्ड, 3 टाइगर व बंदरों पर:
कानपुर जू के वेटरनरी डॉक्टरों ने बताया बब्बर शेर पटौदी को बर्ड फ्लू होने के बाद सबसे ज्यादा आशंका इस बात की है कि अस्पताल परिसर में मौजूद दो लेपर्ड, तीन टाइगर व कई बंदरों को ये वायरस अपनी चपेट में ले सकता है. दरअसल बब्बर शेर पटौदी को अस्पताल में रखकर ही उसका इलाज किया गया था और उस समय अस्पताल परिसर में दो लेपर्ड,तीन टाइगर व अन्य बंदरों का भी इलाज चल रहा था. जब बब्बर शेर पटौदी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तब से लगातार अस्पताल परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है.
आज आ सकती रिपोर्ट:
कानपुर जू के आला अफसरों ने बताया बब्बर शेर पटौदी की जहां एक रिपोर्ट गुरुवार शाम को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान से आ गई थी. वहीं अब एक रिपोर्ट भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आफ हाई सिक्योरिटी एंड एनिमल डिजीज से शुक्रवार देर शाम तक आनी है. इस रिपोर्ट के आधार पर जू के अफसरों व चिकित्सकों की ओर से वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए जाएंगे.
कानपुर जू की निदेशक श्रद्धा यादव ने कहा कि हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि किसी वन्य जीव को कोई नुकसान ना हो. बब्बर शेर की मौत के बाद से पूरे परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है.





