बेहद अहम है भाजपाई मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम की बैठक, काम का लेंगे हिसाब

मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम की बैठक

वाराणसी। आज मंगलवार को अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्रियों और सात उपमुख्यंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजदू हैं।

सभी राज्‍यों की तरफ से इस बात की जानकारी दी जा रही है कि केंद्र की योजनाओं की जमीनी हकीकत क्‍या है और इनका काम कहां तक पहुंचा है। वहीं, पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यह बैठक काफी खास है।

पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा है कि संगठन से मिलकर काम करेंगे तभी जीत होगी। यह बैठक दोपहर दो बजे तक चलेगी। बता दें कि सोमवार रात में भी इसी तरह की बैठक हुई थी। गंगा आरती के बाद ये बैठक क्रूज पर हुई थी।

प्रधानमंत्री बनारस के रेल इंजन कारखाना अतिथिगृह सभागार में मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ यह बैठक कर रहे हैं।

इस दौरान सभी मुख्यमंत्री अपने प्रांतों में कराए गए विकास कार्यों के बारे में बताएंगे। यह बैठक पिछले साल होनी थी लेकिन कोरोना महामारी के चलते नहीं हो सकी थी।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री चौबेपुर के उमरहा में महर्षि सदाफल देव की अनुभूतियों को सहेजे स्वर्वेद के दोहों पर आधारित महामंदिर में विहंगम योग संस्थान के वार्षिकोत्सव में भी शामिल होंगे।

अयोध्या जाएंगे मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री

भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और तीन राज्यों के डिप्टी सीएम बुधवार को अयोध्या का दौरा करने वाले हैं। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अयोध्या जाएंगे और भगवान राम से प्रार्थना करेंगे।

इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, गुजरात, हरियाणा, गोवा, बिहार, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के लोग शामिल हैं। सभी मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम अयोध्या में रात भर रुकेंगे और विभिन्न मंदिरों के दर्शन करेंगे।

Back to top button