
यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष का हंगामा, सपा विधायकों ने हाथों में पोस्टर लेकर की नारेबाजी
UP Monsoon Session: यूपी विधानसभा सत्र का आज पहला दिन है। इसी बीच सदन में जोरदार हंगामा हो गया। सपा विधायक हाथों में पोस्टर लिए नारेबाजी करते हुए वेल में आ गए।
उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। इसी बीच विधानसभा सत्र के पहले ही दिन सदन में सपा विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। हाथों में पोस्टर लिए विधायकों ने जमकर नारेबाजी की। विधानसभा स्पीकर ने उन्हे शांत कराने की कोशिश की लेकिन विधायकों ने हंगामा बंद नहीं किया और नारेबाजी करते हुए वेल में आ गए। माना जा रहा है कि मानसून सत्र हंगामेदार रहेगा। विपक्ष ने सूखा, बाढ़, बिजली कटौती और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। वहीं सरकार ने भी तमाम मुद्दों पर विपक्ष को जोरदार जवाब देने की तैयारी कर ली है।
मछली शहर विधायक रागिनी सोनकर ने आरोप लगाया
रागिनी सोनकर ने आरोप लगाया कि हम मरीजों को क्या ठीक करेंगे , हमारे तो डॉक्टर बीमार हो रहे हैं. कोई मलेरिया, कोई डेंगू से. यह हमारे स्वास्थ्य मंत्री के लिए बहुत ही शर्मिंदगी भरी बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते सालों में डॉक्टर्स की संख्या नहीं बढ़ी. रागिनी ने पूछा कि आज यूपी कैंसर जैसी बीमार से देश में टॉप कर रहा है. 2024 में कैंसर के 16 लाख मरीज हैं. हर साल 2 लाख मरीज बढ़ रहे हैं. गरीब मरीजों के पास न तो पैसा है और न ही अस्पताल में बेड है. अगर प्राइवेट अस्पताल का रुख करते हैं तो बड़ा इस्टीमेट बनता है. क्या यूपी सरकार इस इस्टीमेट में मरीजों की आर्थिक मदद करेगी?
ब्रजेश पाठक ने दिया जवाब
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज हर जिला मुख्यालय पर जिला अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा मिल रही है. 71 अस्पतालों में सिटी स्कैन की सुविधा है. टीबी रोगियों पर भी हमारी सरकार ने काम किया और उनका इलाज हो रहा है. गंभीर रोगों से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए हमारी सरकार मदद कर रही है।
#WATCH | Lucknow: On the first day of the Uttar Pradesh Assembly session, Samawadi Party (SP) MLAs enter the well and protest over electricity, flood and law and order issues. pic.twitter.com/ntR7Btq3ut
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 29, 2024
बता दें कि यूपी विधानसभा का मानसून सत्र आज शुरू हो गया है. ये सत्र 29 जुलाई से 2 अगस्त तक चलेगा. सत्र में कई अध्यादेश और अधिसूचनाओं को सदन के पटल पर रखा जाएगा. विधानसभा सत्र की शुरुआत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘प्रदेश ने फरवरी में अपना बजट पारित किया था, मानसून सत्र में पहली अनुपूरक मांग सत्र में पेश की जाएगी. यूपी देश की उभरती अर्थव्यवस्था की राह पर आगे बढ़ रहा है. मैं सभी जनप्रतिनिधियों से सदन के सुचारू संचालन में अपना योगदान देने का आग्रह करता हूं. सरकार जनता के सभी मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है. सरकार सत्र में उठाए गए सभी मुद्दों के प्रति जवाबदेह होगी।




