UP News: बागपत में सरेआम खूनी खेल, हिस्ट्रीशीटर ने टेंट व्यवसायी और उनके बेटे को गोलियों से भूना

Baghpat Double Murder Case: बागपत में पुरानी रंजिश और रंगदारी के विवाद में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने साथियों के साथ मिलकर टेंट व्यवसायी सोहनलाल और उनके बेटे की दिनदहाड़े हत्या कर दी।

Baghpat Double Murder Case: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मंगलवार शाम को दिल्ली बस स्टैंड पुलिस चौकी से महज 30 मीटर की दूरी पर सरेआम अंधाधुंध फायरिंग कर एक टेंट व्यवसायी और उनके युवा बेटे की हत्या कर दी गई। इस ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरा बाजार दहल उठा और इलाके में भगदड़ मच गई। वारदात को अंजाम देने का आरोप इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी और उसके गैंग पर लगा है।

पुरानी रंजिश और रंगदारी का विवाद

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित एक टेंट व्यवसायी के प्रतिष्ठान पर बाइक सवार बदमाशों ने अचानक धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और रंगदारी (Extortion) को लेकर चल रहे विवाद के चलते कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा था। बदमाशों ने पूरे परिवार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

इस अंधाधुंध गोलीबारी में टेंट व्यवसायी सोहन लाल अग्रवाल (55 वर्ष), उनके बेटे विकास (30 वर्ष) और एक राहगीर रोहित समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जख्मों का ताव न झेल पाने के कारण सोहनलाल और उनके बेटे विकास ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। राहगीर रोहित का इलाज फिलहाल एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

गुस्साई भीड़ ने हिस्ट्रीशीटर को घेरा

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद बाजार के लोगों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। भागने की कोशिश कर रहे मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी को भीड़ ने मौके पर ही घेर लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इस बीच वहां हुई किसी अज्ञात फायरिंग में वरुण लुहारी को भी गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले बड़ौत सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

ये भी पढ़े- लखनऊ में नकली नोटों का बड़ा जखीरा बरामद, नेपाल और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की जांच शुरू

व्यापारियों का हंगामा

दिनदहाड़े पुलिस चौकी के इतने नजदीक हुई इस बड़ी वारदात के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने बड़ौत से लेकर बागपत जिला अस्पताल तक जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर शाम एडीजी, कमिश्नर और डीआईजी ने खुद बड़ौत पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

एसपी बागपत का बयान: बागपत के पुलिस अधीक्षक (SP) सूरज कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। इस हमले में पिता-पुत्र की दुखद मृत्यु हुई है। घटना के खुलासे और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित कर दी गई हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े- ATM के रास्ते बैंक में घुसा चोर, ई-सर्विलांस और पुलिस की मुस्तैदी से हुआ गिरफ्तार…

Back to top button