विकास और निवेश के नए युग में यूपी… लिक्ली का सीएम योगी ने किया अनावरण

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नोएडा में स्थापित किए जा रहे इंग्का समूह के (आइकिया रिटेल और इंग्का इन्वेस्टमेंट्स) लिक्ली का वर्चुअल अनावरण किया। इस मौके पर सीएम योगी ने पिछले साढ़े सात वर्षों में हुए निवेश और आर्थिक विकास की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश अपने बेहतरीन कानून व्यवस्था से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में देश में अग्रणी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन साढ़े सात वर्ष में उत्तर प्रदेश ने देश-दुनिया के निवेशकों का विश्वास अर्जित किया है। आइकिया इंडिया उन्हीं निवेशकों में से एक है। आइकिया इंडिया द्वारा उत्तर प्रदेश में 5,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव पर उसका आभार जताते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत के अंदर अब निवेश का ‘ड्रीम डेस्टिनेशन’ बन गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले साढ़े सात साल में उत्तर प्रदेश ने विकास और निवेश के नए युग में प्रवेश किया है।

एक बयान के मुताबिक, योगी ने कहा कि इंग्का सेंटर्स की इस नई परियोजना में आइकिया रिटेल स्टोर, होटल, ऑफिस स्थल और शॉपिंग केंद्र खोला जाएगा। इसके माध्यम से नौ हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा।

यह भी पढ़ें…

पुलिस रेसलिंग क्लस्टर का उद्घाटन… स्वस्थ्य शरीर के लिए खेल बेहद जरुरी: सीएम योगी

उन्होंने कहा कि 2017 के बाद से बुनियादी ढांचा विकास, निवेश की नई संभावनाओं के विकास, कौशल विकास और परंपरागत उत्पादों के प्रोत्साहन में उत्तर प्रदेश ने कई कार्यक्रम शुरू किए हैं, आज उसके परिणाम हम सबके सामने है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना देश की अभिनव योजना बन गई है। साथ ही बेहतरीन कानून व्यवस्था से उत्तर प्रदेश कारोबार सुगमता में देश में अग्रणी है।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की आबादी का सबसे बड़ा राज्य है, जो वर्तमान में भारत की अर्थव्यवस्था में 9.2 प्रतिशत का योगदान दे रहा है। आज उत्तर प्रदेश देश में दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था वाला राज्य है, जो तेजी के साथ भारत के विकास के वृद्धि के इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि 2017 में उत्तर प्रदेश ने अपनी औद्योगिक विकास नीति बनाई थी, उस समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हम लोगों का मार्गदर्शन करते हुए कहा था कि निवेश को रोजगार के साथ जोड़ना चाहिए। आइकिया इंडिया के स्टोर का शिलान्यास उसी का परिणाम है।

यह भी पढ़ें…

UP News: चलती गाड़ी में किशोरी से गैंगरेप, कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकराई…

योगी ने कहा कि देश की सबसे बड़ी और प्रतिभावान युवा आबादी उत्तर प्रदेश में निवास करती है। पिछले साढ़े सात साल में उत्तर प्रदेश की बेरोजगारी दर घटी है। 27 अलग-अलग क्षेत्र की नीतियों के साथ उत्तर प्रदेश भारत की वृद्धि में अपना योगदान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण का क्षेत्र इस वर्ष के अंत में सार्वजनिक परिवहन की सुविधाओं के साथ ही भारत के सबसे बड़े नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ जुड़ जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र लॉजिस्टिक की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पूर्वी और पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे का जंक्शन इसी क्षेत्र के गौतम बुद्ध नगर जनपद में पड़ेगा। उत्तर प्रदेश असीमित संभावनाओं का प्रदेश है, इसकी संभावनाओं का लाभ भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के हित में है।

कार्यक्रम में स्वीडन के राजदूत यॉन थेस्लेफ, उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, औद्योगिक विकास के राज्यमंत्री जसवंत सैनी, मुख्य सचिव मनोज सिंह, आइकिया इंडिया की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुजैन पुल्वरर आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें…

हेल्थ केयर ट्रस्ट द्वारा मासिक धर्म और कैंसर जागरूकता प्रोग्राम

Back to top button